हरियाणा में योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी देने का दावा, सुमन सैनी ने लाडवा में विकास कार्यों और योजनाओं पर भी दिया जोर।
हरियाणा में सरकारी नौकरियों को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं को बिना किसी खर्ची-पर्ची के केवल योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है।
लाडवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुमन सैनी ने कहा कि सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए युवाओं के भविष्य को संवार रही है। उन्होंने बताया कि पहले जहां युवा नौकरी के लिए सिफारिश और पैसे के सहारे सिस्टम में फंसे रहते थे, वहीं अब वे पढ़ाई और मेहनत पर ध्यान दे रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने लाडवा क्षेत्र के कई गांवों—ईशरगढ़, अटल नगर, शंकर कॉलोनी, सिरसमा, मथाना, छारपुरा, मुकरपुर और बोडला—का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकतर मामलों में उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
also read : चंडीगढ़ प्रशासन के लिए HCS अधिकारियों की मांग: हरियाणा सरकार ने मांगी सहमति, 10 दिन में भेजें आवेदन
सुमन सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा गांवों में विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपये की राशि दी जा रही है। साथ ही, गांवों से प्राप्त विकास कार्यों की सूची के आधार पर प्राथमिकता से काम पूरे किए जा रहे हैं।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि एक शिक्षित व्यक्ति न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और देश के विकास में भी अहम भूमिका निभाता है।
इसके अलावा उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाएं प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता की कई किस्तें दी जा चुकी हैं।
सुमन सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रदेश को समग्र विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि पारदर्शी भर्ती और विकास योजनाओं के जरिए हरियाणा में सकारात्मक बदलाव तेजी से देखने को मिल रहा है।

