चंडीगढ़ प्रशासन में प्रतिनियुक्ति के लिए हरियाणा सरकार ने HCS अधिकारियों से सहमति मांगी, 10 कार्य दिवस में आवेदन जरूरी।
चंडीगढ़ प्रशासन में अधिकारियों की तैनाती को लेकर हरियाणा सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सरकार ने हरियाणा सिविल सेवा (कार्यकारी शाखा) के अधिकारियों से प्रतिनियुक्ति पर कार्य करने के लिए सहमति मांगी है।
इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है। पत्र में बताया गया है कि चंडीगढ़ प्रशासन ने हरियाणा सरकार से ऐसे योग्य एचसीएस अधिकारियों का पैनल भेजने का अनुरोध किया है, जो प्रतिनियुक्ति पर वहां सेवाएं देने के इच्छुक हों।
also read : पटियाला में 6 अप्रैल का मेगा कार्यक्रम: तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे बलबीर सिंह, CM मान करेंगे बड़ी घोषणाएं
निर्धारित मानदंडों के अनुसार, उन अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी सेवा में कम से कम पांच वर्ष की वरिष्ठता हो। राज्य सरकार को ऐसे तीन योग्य अधिकारियों का पैनल तैयार कर चंडीगढ़ प्रशासन को भेजना है।
सरकार ने इच्छुक अधिकारियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपनी सहमति भेजें। पत्र के अनुसार, अधिकारी जारी तिथि से 10 कार्य दिवस के भीतर अपनी सहमति ई-मेल के माध्यम से संबंधित विभाग को भेज सकते हैं।
यह पहल प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने और चंडीगढ़ प्रशासन में अनुभवी अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। इससे दोनों प्रशासनिक इकाइयों के बीच कार्यकुशलता और बेहतर तालमेल स्थापित होने की उम्मीद है।

