हरियाणा में स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े लगभग 90.66 करोड़ रुपये के कार्यों को हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक में मंजूरी दी गई।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में शहरी स्थानीय निकाय विभाग की हाई पावर्ड वर्क्स परचेज कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न नगर निकायों में स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों के टेंडर रेट्स को मंजूरी दी गई।
बैठक में स्वीकृत परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 90 करोड़ 66 लाख रुपये है। टेंडर प्रक्रिया के दौरान की गई नेगोशिएशन के माध्यम से लगभग 4 करोड़ 17 लाख रुपये की बचत भी सुनिश्चित की गई।
बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी उपस्थित रहे।
इन शहरों में स्वच्छता कार्यों को मंजूरी
बैठक में कई नगर निकायों से जुड़े महत्वपूर्ण स्वच्छता कार्यों को मंजूरी दी गई, जिनमें शामिल हैं:
-
नगर परिषद गोहाना में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कचरे का पृथक्करण और प्रोसेसिंग साइट तक परिवहन
-
नगर परिषद पलवल में ठोस कचरे के प्रोसेसिंग कार्य
-
नगर निगम करनाल में पुराने (लीगेसी) कचरे के बायो-रिमेडिएशन का कार्य
-
नगर निगम हिसार के एचएसवीपी सेक्टरों में सड़क सफाई
-
हिसार शहर में सड़कों की मशीनीकृत और मैनुअल सफाई से जुड़े कार्य
इसके अलावा नगर परिषद पलवल में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और प्रोसेसिंग साइट तक परिवहन के कार्यों को भी स्वीकृति दी गई।
also read : सीएम नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हाई पावर परचेज कमेटी बैठक, 657 करोड़ की परियोजनाओं को मंजूरी
गुणवत्ता और निगरानी पर जोर
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों और तकनीकी स्पेसिफिकेशन्स के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित एजेंसियों और ठेकेदारों को नियमों के अनुसार कार्य करना होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता और ठोस कचरा प्रबंधन से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और प्रदर्शन के आधार पर ठेकेदारों की ग्रेडिंग प्रणाली भी तैयार की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जो एजेंसियां बेहतर काम करेंगी उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि मानकों के अनुरूप कार्य न करने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. साकेत कुमार, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के मिशन निदेशक शाश्वत सांगवान, करनाल नगर निगम की मेयर रेणु बाला गुप्ता, हिसार के मेयर परवीन पोपली सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

