हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य सरकार ने विभिन्न योजनाओं के तहत DBT के माध्यम से 3,309 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए, जिसमें महिलाओं, किसानों और गौशालाओं को बड़ी राहत मिली।
हरियाणा सरकार ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत प्रदेश के लाखों लाभार्थियों के खातों में सीधे 3,309 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा के बजट सत्र के दौरान यह जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार “विकसित भारत” के विजन को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाना है। इसी दिशा में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से बड़ी राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई है।
गौशालाओं को मिली आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि 3 मार्च 2026 को राज्य की 602 गौशालाओं को 68 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता जारी की गई, जिससे पशुधन संरक्षण और गौसेवा से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलेगी।
also read : नायब सिंह सैनी का AAP और कांग्रेस पर हमला: ‘चुनावी रेवड़ी की राजनीति से तंग आ चुकी है पंजाब की जनता’
महिला दिवस पर 35 लाख महिलाओं को लाभ
8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए 35 लाख महिलाओं के खातों में 1,357 करोड़ रुपये विभिन्न योजनाओं के तहत ट्रांसफर किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार लगातार योजनाएं चला रही है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत कर सकें।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 1,884 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 मार्च 2026 को सामाजिक सुरक्षा और अन्य योजनाओं के तहत 1,884 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। इस राशि में वृद्धावस्था पेंशन, दयालु योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ दिया गया।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ ही दिनों में सरकार ने 3,309 करोड़ रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाए हैं, जो सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और पारदर्शी शासन का उदाहरण है।
सफीदों हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में यह भी बताया कि जींद जिले के सफीदों में हुए दर्दनाक हादसे की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि घायलों को 2-2 लाख रुपये की मदद प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

