हरियाणा में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर उपलब्ध कराने के लिए बीज विकास निगम के टेंडर को मंजूरी दी गई।
हरियाणा सरकार ने किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में आयोजित विभागीय हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में बीज विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में हरियाणा बीज विकास निगम के वार्षिक लेबर टेंडर को स्वीकृति दी गई, जिसका उद्देश्य बीजों की खरीद, संसाधन, पैकेजिंग और प्रमाणीकरण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनाना है। इस निर्णय से किसानों को रियायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज समय पर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि टेंडर की मंजूरी के बाद निगम की विभिन्न इकाइयों—हिसार, सिरसा, टोहाना, यमुनानगर, पटौदी और उमरी—में बीज उत्पादकों से कच्चे बीज (रॉ सीड) की समय पर खरीद सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद बीजों को वैज्ञानिक तरीके से प्रोसेस कर पैक किया जाएगा और प्रमाणित कर किसानों तक पहुंचाया जाएगा।
also read : हरियाणा में ग्रामीण स्वास्थ्य को बड़ा बूस्ट: 8 नए PHC के लिए ₹37.60 करोड़ मंजूर, गांवों में मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा
कृषि मंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज फसल उत्पादन बढ़ाने की नींव होते हैं। समय पर बीज उपलब्ध होने से न केवल पैदावार में वृद्धि होती है, बल्कि किसानों की आय में भी सकारात्मक सुधार आता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
बैठक में यह भी सामने आया कि इस टेंडर प्रक्रिया से बीज विकास निगम को लगभग 15 लाख रुपये की बचत होगी, जो सरकार की पारदर्शी कार्यप्रणाली और वित्तीय अनुशासन को दर्शाता है।
इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और हरियाणा बीज विकास निगम के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सरकार का मानना है कि यह कदम कृषि व्यवस्था को और मजबूत करेगा तथा किसानों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होगा।

