पंजाब में ₹1100 करोड़ के निवेश से मंडी गोविंदगढ़ में स्टील और रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट, रोजगार और औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा।
पंजाब में औद्योगिक विकास को नई गति देने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा निवेश आकर्षित किया है। कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने घोषणा की कि मंडी गोविंदगढ़ में ₹1100 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसरों में बड़ा इजाफा होगा।
उन्होंने बताया कि यह निवेश प्रसिद्ध जोगिंद्रा समूह द्वारा किया जा रहा है, जिसे दो प्रमुख हिस्सों में बांटा गया है। इसमें ₹700 करोड़ की लागत से स्टील प्लांट का विस्तार किया जाएगा, जबकि ₹400 करोड़ रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में लगाए जाएंगे। इस परियोजना के जरिए सालाना इस्पात उत्पादन क्षमता में लगभग 3 लाख टन की वृद्धि होने की संभावना है।
मंत्री ने कहा कि यह प्रोजेक्ट स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और मंडी गोविंदगढ़ को एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करेगा।
also read : iQOO 15 Apex लॉन्च: 7000mAh बैटरी, 144Hz OLED डिस्प्ले और 7 साल अपडेट्स के साथ प्रीमियम एंट्री
इस मौके पर उन्होंने राज्य की आर्थिक प्रगति के आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में पंजाब में ₹60,276 करोड़ का रिकॉर्ड निवेश धरातल पर उतरा है, जिससे 1,35,372 युवाओं को रोजगार मिला है। सरकार का लक्ष्य अगले वित्तीय वर्ष में ₹75,000 करोड़ के निवेश को आकर्षित करना है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के अनुकूल माहौल तैयार कर रही है।
संजीव अरोड़ा ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पंजाब देश के प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में उभरेगा और निवेश की यह लहर राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

