हरियाणा के मंत्री राजेश नागर ने सोहना अनाज मंडी का निरीक्षण कर किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं, पारदर्शी खरीद प्रक्रिया और ई-खरीद सिस्टम को मजबूत करने के निर्देश दिए।
हरियाणा में किसानों को बेहतर सुविधाएं और पारदर्शी फसल खरीद सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने गुरुग्राम जिले की सोहना अनाज मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। रबी खरीद सीजन 2026-27 के तहत गेहूं और सरसों की खरीद प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी मंडियों में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने हेल्प डेस्क, मंडी के प्रवेश द्वार, आढ़तियों के पास बारदाने की उपलब्धता और शिकायत रजिस्टर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
also read : हरियाणा में प्रशासनिक सख्ती: तीन जिलों के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त, विकास कार्यों की होगी कड़ी निगरानी
इस दौरान उन्होंने मंडी में संचालित अटल कैंटीन का भी निरीक्षण किया और किसानों के लिए उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। मंत्री ने आढ़तियों और किसानों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।
राजेश नागर ने बताया कि राज्य सरकार ने खरीद प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए ई-खरीद पोर्टल को अपग्रेड किया है। अब मंडियों में आने वाली फसल के साथ संबंधित वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और फोटो कैप्चर किया जाएगा, जिससे खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना कम होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर दिलाना और मंडियों में सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। यह कदम हरियाणा में कृषि व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

