यूएचबीवीएन पंचकूला जोन में 6, 13, 20 और 27 अप्रैल को बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निवारण के लिए विशेष सुनवाई आयोजित करेगा।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम ने उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अप्रैल माह में विशेष शिकायत निवारण सुनवाई आयोजित करने की घोषणा की है। यह पहल ‘पूर्ण उपभोक्ता संतुष्टि’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए की गई है।
निगम के प्रवक्ता के अनुसार, पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों—कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर—के उपभोक्ताओं की शिकायतों की सुनवाई 6, 13, 20 और 27 अप्रैल को की जाएगी। यह सुनवाई पंचकूला स्थित विद्युत सदन में आयोजित होगी, जहां सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक उपभोक्ता अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
जोनोंल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच के तहत 1 लाख रुपये से अधिक और 3 लाख रुपये तक के वित्तीय विवादों से संबंधित मामलों पर सुनवाई की जाएगी। इसमें गलत बिजली बिल, बिजली दरों से जुड़े विवाद, मीटर सिक्योरिटी, खराब मीटर और वोल्टेज जैसी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
also read : सोहना अनाज मंडी में मंत्री राजेश नागर का निरीक्षण: किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं और पारदर्शी खरीद व्यवस्था पर जोर
हालांकि, बिजली चोरी, दुरुपयोग और दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों को इस मंच के दायरे से बाहर रखा गया है। उपभोक्ताओं को शिकायत दर्ज कराने से पहले आवश्यक दस्तावेजों के साथ पिछले छह महीनों के औसत बिल के आधार पर निर्धारित राशि जमा करवानी होगी।
निगम ने स्पष्ट किया कि केवल उन्हीं मामलों पर विचार किया जाएगा जो किसी न्यायालय या अन्य प्राधिकरण में लंबित नहीं हैं। यह प्रक्रिया पारदर्शिता और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए बनाई गई है।
यूएचबीवीएन ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर विद्युत सदन, सेक्टर-14, पंचकूला में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं। निगम ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की पहल लगातार जारी रहेगी।

