पंजाब में LPG सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर विरोध प्रदर्शन तेज, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हालात पर रिपोर्ट मांगी और सरकार ने कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश दिए।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के असर अब भारत के राज्यों में भी दिखाई देने लगे हैं। पंजाब में LPG गैस सिलेंडर की कमी और कीमतों में बढ़ोतरी के कारण लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। चंडीगढ़, अमृतसर और लुधियाना समेत कई शहरों में लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बाजार में गैस सिलेंडर आसानी से उपलब्ध नहीं हो रहे और जो मिल रहे हैं उनकी कीमतें काफी बढ़ गई हैं। इससे आम परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है।
गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें
राज्य के कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी सिलेंडर हासिल नहीं कर पा रहे हैं और कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ली रिपोर्ट
स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री से मौजूदा हालात की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
खाद्य आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारुचक ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। तेल कंपनियों ने सरकार को आश्वस्त किया है कि फिलहाल गैस की आपूर्ति सामान्य है।
also read : मोहाली में 881 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र, पंजाब में अब तक 65,264 सरकारी नौकरियां
10 हजार शादियों को लेकर चिंता
विधानसभा में मंत्री कटारुचक ने बताया कि आने वाले दिनों में पंजाब में लगभग 10 हजार शादियां होने वाली हैं। ऐसे में लोगों को यह चिंता सता रही है कि गैस सिलेंडर की कमी से शादी समारोहों में परेशानी हो सकती है।
मंत्री ने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर विश्वास न करें और गैस सिलेंडर का अनावश्यक भंडारण न करें।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई
पंजाब सरकार ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी रोकने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को स्थिति पर नजर रखने और आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के आदेश दिए गए हैं।
हालांकि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ने गैस सप्लाई सामान्य रहने का भरोसा दिया है, लेकिन लोगों की चिंता अभी भी कम होती नजर नहीं आ रही और कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर भीड़ लगी हुई है।

