हरियाणा के पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि पानीपत में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने के लिए पूर्वी बाईपास और नई सड़क परियोजना पर काम जारी है, जिसके लिए 32 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है।
हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पानीपत शहर में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए सरकार गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
मंत्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पानीपत सिटी से विधायक प्रमोद कुमार विज द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी।
उन्होंने बताया कि एनएच-44 पर बना एलिवेटेड हाईवे पहले से ही मुख्य राजमार्ग यातायात को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसके अलावा एनएच-709 का पानीपत-रोहतक खंड और एनएच-709AD का पानीपत-शामली खंड शहर के लिए पश्चिमी बाईपास के रूप में कार्य कर रहे हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिल रही है।
also read : अंबाला छावनी के शाहपुर में बनेगा ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान, ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन को मंजूरी; क्षेत्रवासियों ने अनिल विज का जताया आभार
बनेगा नया पूर्वी बाईपास
मंत्री ने बताया कि बरसत रोड से सनौली रोड तक नाले नंबर-2 के किनारे 11.20 किलोमीटर लंबी और 10 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है। इसके अलावा शेष 2.90 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, जो एनएच-44 (दिल्ली-अंबाला मार्ग) को एनएच-709 (पानीपत-शामली मार्ग) से जोड़ेगी।
यह सड़क बनने के बाद पानीपत शहर के लिए पूर्वी बाईपास के रूप में कार्य करेगी, जिससे शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
32 करोड़ से अधिक की स्वीकृति
रणबीर गंगवा ने बताया कि इस परियोजना के लिए 3207.05 लाख रुपये (लगभग 32 करोड़ रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति दी जा चुकी है। आगे की प्रक्रिया के तहत पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग ने वन विभाग से एनओसी के लिए प्रस्ताव भेजा है।
उन्होंने कहा कि जैसे ही वन विभाग से मंजूरी मिलेगी, परियोजना पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मंत्री ने विश्वास जताया कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पानीपत शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी और लोगों की आवाजाही अधिक सुगम होगी।

