हरियाणा के मुरथल गांव में नलकूप आधारित जलापूर्ति को नहरी पानी प्रणाली में बदलने का प्रस्ताव विचाराधीन है, महाग्राम योजना के तहत सीवरेज और जलापूर्ति सुधार के लिए DPR तैयार की जा रही है।
हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि राई विधानसभा क्षेत्र के मुरथल गांव और आसपास के क्षेत्रों में नलकूप आधारित जलापूर्ति प्रणाली को नहरी पानी आधारित प्रणाली में बदलने का प्रस्ताव विचाराधीन है। इस संबंध में विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है।
मंत्री रणबीर गंगवा ने यह जानकारी हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राई से विधायक कृष्णा गहलावत द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में दी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में मुरथल क्षेत्र में तीन नलकूपों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। जनगणना 2011 के अनुसार मुरथल गांव की आबादी 16,722 है, जो महाग्राम योजना के तहत सीवरेज प्रणाली उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित न्यूनतम 10,000 आबादी के मानदंड को पूरा करती है।
also read : पानीपत ट्रैफिक जाम से राहत की तैयारी: पूर्वी बाईपास और नई सड़क परियोजना पर सरकार गंभीर – रणबीर गंगवा
मंत्री ने बताया कि हालांकि अब तक मुरथल को महाग्राम योजना के अंतर्गत अधिसूचित नहीं किया गया था, लेकिन अब इस दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। महाग्राम योजना के तहत पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने और सीवरेज प्रणाली विकसित करने की योजना तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि मुरथल को महाग्राम गांव घोषित करने के लिए ग्राम पंचायत को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध करानी होगी और साथ ही सीवरेज कनेक्शन लेने के लिए स्थानीय सहमति भी जरूरी होगी।
इन दोनों शर्तों के पूरा होने के बाद परियोजना के लिए विस्तृत अनुमान और कार्य योजना तैयार की जाएगी, जिससे मुरथल और आसपास के गांवों में जलापूर्ति और सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा।

