लाडवा में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में सुमन सैनी ने कहा कि हरियाणा की बेटियों की उपलब्धियों से प्रदेश को वैश्विक पहचान मिली है और लाडो लक्ष्मी योजना का बजट बढ़ाकर 6500 करोड़ किया गया है।
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने कहा कि आज हरियाणा की बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर पूरे विश्व में प्रदेश की पहचान बना रही हैं। खेल, शिक्षा, विज्ञान, सेना और प्रशासन सहित कई क्षेत्रों में बेटियों की उपलब्धियों ने राज्य का गौरव बढ़ाया है।
सुमन सैनी रविवार को लाडवा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर उन्होंने विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों, युवतियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
लाडो लक्ष्मी योजना का बजट बढ़ाकर 6500 करोड़
सुमन सैनी ने बताया कि लाडो लक्ष्मी योजना के तहत लाखों महिलाओं को हर महीने 2100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। अब तक 9 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है और उनके खातों में चार किस्तों के रूप में 634 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस योजना का बजट बढ़ाकर 6500 करोड़ रुपये कर दिया है।
पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व
उन्होंने कहा कि संसद द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के माध्यम से महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। वहीं हरियाणा सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देकर महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है। आज प्रदेश के गांवों में बड़ी संख्या में महिलाएं सरपंच और पंच बनकर विकास कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
also read : सिरसा के जीवन नगर में होला मोहल्ला उत्सव में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, नामधारी संगत को दिया एकता और सेवा का संदेश
3 लाख बेटियों को लगेगी एचपीवी वैक्सीन
सुमन सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर भी गंभीर है। इसी के तहत 14 से 15 वर्ष की आयु की लगभग 3 लाख बेटियों को एचपीवी वैक्सीन मुफ्त लगाई जाएगी, जिससे गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव होगा।
डेयरी और रोजगार योजनाओं में महिलाओं की भागीदारी
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा महिलाओं को दुधारू पशु खरीदने के लिए 1 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। पिछले वर्ष स्थापित 943 डेयरी इकाइयों में से 316 डेयरी इकाइयां महिलाओं द्वारा स्थापित की गईं।
इसके अलावा प्रदेश में 2 हजार नए वीटा बूथ और मिल्क बार खोले जाएंगे, जिनमें महिला स्वयं सहायता समूहों को 20 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जल्द ही पिंक कैब योजना भी शुरू की जाएगी, जिसके तहत महिलाओं को वाहन चलाने का प्रशिक्षण और इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के लिए 10 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रभारी कैलाश सैनी, चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष वंदना गौरी, नगर पालिका लाडवा की अध्यक्षा साक्षी खुराना सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

