हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा के जीवन नगर स्थित नामधारी गुरुद्वारा में होला मोहल्ला समारोह में शामिल होकर संत समाज का आशीर्वाद लिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा जिले के नामधारी गुरुद्वारा श्री जीवन नगर में आयोजित भव्य होला मोहल्ला समारोह में शिरकत की और संत समाज का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होला मोहल्ला साहस, भक्ति और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने संत दिलीप सिंह जी महाराज के चरणों में नमन करते हुए कहा कि संत समाज प्रेम, सेवा और भाईचारे के माध्यम से समाज को जोड़ने का महान कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिरसा की पावन धरती संतों और महापुरुषों की तपोभूमि रही है, जहां से समाज को आध्यात्मिकता और मानवता का संदेश मिला है।
उन्होंने कहा कि होला मोहल्ला केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, वीरता और आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक है। यह पर्व लोगों को साहस, भक्ति और समाज में एकता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने नामधारी समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इस समाज का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने कहा कि सतगुरु राम सिंह जी महाराज द्वारा शुरू किया गया कूका आंदोलन भारत के स्वतंत्रता संग्राम का महत्वपूर्ण अध्याय रहा है, जिसने स्वदेशी अपनाने और विदेशी वस्तुओं के बहिष्कार का संदेश दिया।
also read : पानीपत में 445 ग्रामीणों को मकान के अलॉटमेंट लेटर, मंत्री कृष्ण लाल पंवार बोले—गांवों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में भी लाखों श्रद्धालुओं की इस समारोह में उपस्थिति यह दर्शाती है कि लोगों की आस्था अपनी आध्यात्मिक जड़ों से गहराई से जुड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को समाज तक पहुंचाने के लिए ‘संत-महापुरुष सम्मान विचार प्रचार एवं प्रसार योजना’ के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
उन्होंने नामधारी समाज द्वारा नशामुक्ति, समाज सुधार, गौ-सेवा, पर्यावरण संरक्षण और कृषि विकास के क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की और कहा कि समाज के ऐसे प्रयास प्रदेश और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, सरदार जसपाल सिंह, सरदार सुखदेव सिंह, पूर्व विधायक रामचंद्र कंबोज सहित कई गणमान्य व्यक्ति, संत समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

