9 से 23 फरवरी 2026 तक मनाए जा रहे स्मार्ट मीटर पखवाड़ा के तहत हरियाणा में करनाल, पानीपत और पंचकूला में 5 लाख स्मार्ट मीटर लगे, प्रीपेड उपभोक्ताओं को 5% छूट का फायदा।
स्मार्ट मीटरिंग को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को इसके फायदों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय द्वारा 9 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक देशभर में ‘स्मार्ट मीटर पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। इस अभियान के तहत हरियाणा में भी बिजली वितरण कंपनियां उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर और प्रीपेड बिलिंग सिस्टम अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड (यूएचबीवीएनएल) के प्रवक्ता ने जानकारी दी कि अब तक निगम के कार्यक्षेत्र के तीन प्रमुख शहरों करनाल, पानीपत और पंचकूला में करीब पांच लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इन शहरों के उपभोक्ताओं को अपने कनेक्शन को पोस्टपेड से प्रीपेड बिलिंग मोड में बदलने पर बिजली बिल में 5 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है, जिससे लोग नई व्यवस्था को अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें।
प्रवक्ता के अनुसार, उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ‘Smart Meter UHBVN’ मोबाइल एप्लिकेशन को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल आईओएस स्टोर, दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है। इस ऐप के जरिए उपभोक्ता अपनी दैनिक बिजली खपत पर नजर रख सकते हैं, प्रीपेड मोड में होने की स्थिति में क्रेडिट बैलेंस से जुड़े डेली अलर्ट प्राप्त कर सकते हैं और स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतें भी दर्ज कर सकते हैं।
also read : अभिनेत्री प्रविणा देशपांडे: 60 वर्ष की उम्र में मल्टीपल मायलोमा से लंबी जंग के बाद निधन, सिनेमा-जगत में शोक
निगम के मुताबिक, फिलहाल करीब 31,600 उपभोक्ता इस मोबाइल एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर रहे हैं और धीरे-धीरे इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है। स्मार्ट मीटर से न केवल बिजली की खपत पर बेहतर नियंत्रण संभव हो रहा है, बल्कि बिलिंग प्रक्रिया भी ज्यादा पारदर्शी और सुविधाजनक बन रही है।
यूएचबीवीएनएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे प्रीपेड बिलिंग सिस्टम अपनाएं और अपने बिजली उपयोग का बेहतर प्रबंधन करने के लिए मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग करें। किसी भी तरह की सहायता या जानकारी के लिए उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1912 या 1800-180-1550 पर संपर्क कर सकते हैं।
‘स्मार्ट मीटर पखवाड़ा’ के जरिए सरकार और बिजली वितरण कंपनियों का उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता इस नई तकनीक से जुड़ें और ऊर्जा की बचत, पारदर्शी बिलिंग और बेहतर सेवा का लाभ उठा सकें।

