दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान को मुंबई के लीलावती अस्पताल के ICU में भर्ती किया गया है, जहां उनसे मिलने सलमान खान समेत परिवार के सदस्य पहुंचे।
दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच चिंता का माहौल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें लीलावती अस्पताल के आईसीयू में रखा गया है। फिलहाल उनके अस्पताल में भर्ती होने की वजह और सेहत से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
मंगलवार को सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद उनके परिवार के सदस्य उनसे मिलने पहुंचे। बेटे और बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान, बेटी अलवीरा खान अग्निहोत्री और दामाद आयुष शर्मा को अस्पताल में देखा गया। अलवीरा अपने पति अतुल अग्निहोत्री के साथ अस्पताल पहुंचीं। परिवार के अस्पताल आने-जाने के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।
एक वीडियो में सलमान खान को अस्पताल से बाहर निकलते हुए देखा गया, जहां वह ब्लैक टी-शर्ट और कैप में नजर आए। उनके साथ सुरक्षा कर्मी मौजूद थे। सलमान ने मीडिया से बात नहीं की और बिना रुके वहां से निकल गए। उनका चेहरा गंभीर दिखाई दे रहा था।
सोशल मीडिया पर फैंस लगातार सलीम खान के जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने “गेट वेल सून सलीम सर” और “जल्दी ठीक हो जाइए” जैसे संदेश लिखे हैं। कुछ लोगों ने उनकी सेहत के लिए प्रार्थनाएं भी की हैं।
also read :IND vs PAK T20 World Cup: ईशान किशन के तूफान और बुमराह-हार्दिक की मार से पाकिस्तान पस्त, भारत 61 रन से जीता
सलीम खान ने अपने करियर की शुरुआत छोटे अभिनय किरदारों से की थी, लेकिन असली पहचान उन्हें लेखक के रूप में मिली। जावेद अख्तर के साथ मिलकर उन्होंने 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड की कहानी कहने की शैली को नया रूप दिया। जंजीर, दीवार और डॉन जैसी फिल्मों ने अमिताभ बच्चन को सुपरस्टार बनाया और “एंग्री यंग मैन” की छवि को मजबूत किया। जावेद अख्तर से अलग होने के बाद भी सलीम खान ने अंगाराय, नाम, कब्जा और जुर्म जैसी सफल फिल्में लिखीं।
सलीम खान ने 1964 में सलमा खान (पूर्व नाम सुशीला चरक) से शादी की थी। उनके चार बच्चे हैं—सलमान खान, अरबाज खान, सोहेल खान और अलवीरा खान अग्निहोत्री। साल 1981 में उन्होंने अभिनेत्री हेलेन से दूसरी शादी की थी। परिवार ने बाद में अर्पिता खान को गोद लिया। सलीम खान ने पिछले साल 24 नवंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाया था।
फिलहाल सभी की नजरें उनकी सेहत से जुड़ी ताजा जानकारी पर टिकी हुई हैं और फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।


