Haryana Board of School Education (HBSE) ने फरवरी/मार्च 2026 में आयोजित होने वाली सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी वार्षिक परीक्षाओं के लिए परीक्षार्थियों की चैक-लिस्ट जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड से संबद्ध सभी राजकीय एवं अराजकीय स्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थियों की चैक-लिस्ट 1 जनवरी 2026 से, जबकि अस्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालयों की चैक-लिस्ट 3 जनवरी 2026 से ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही है।
बोर्ड प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय मुखिया अपने-अपने लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से चैक-लिस्ट डाउनलोड कर सकते हैं। यदि चैक-लिस्ट में विषय, फोटो, हस्ताक्षर, आधार संख्या, विषय का माध्यम अथवा अन्य विवरणों में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो स्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालय 1 से 7 जनवरी 2026 तक तथा अस्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालय 3 से 7 जनवरी 2026 तक नि:शुल्क ऑनलाइन सुधार कर सकते हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि चैक-लिस्ट में दर्ज विवरणों के अतिरिक्त किसी अन्य प्रकार की शुद्धि के लिए विद्यालय मुखिया या उनका प्रतिनिधि सैकेण्डरी अथवा सीनियर सैकेण्डरी शाखा में व्यक्तिगत रूप से आवश्यक दस्तावेजों सहित नियमानुसार शुल्क जमा कराकर सुधार करवा सकते हैं।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई परीक्षार्थी पूर्व में चयनित विषय के स्थान पर प्रायोगिक विषय लेना चाहता है, तो वह प्रति परीक्षार्थी 100 रुपये प्रायोगिक शुल्क के साथ ऑनलाइन पोर्टल पर संशोधन कर सकता है। वहीं, सीनियर सैकेण्डरी परीक्षा में अतिरिक्त छठा विषय लेने की स्थिति में 200 रुपये विषय शुल्क तथा 1000 रुपये विलंब शुल्क देय होगा। यदि अतिरिक्त विषय प्रायोगिक है, तो 100 रुपये का प्रायोगिक शुल्क भी लागू होगा।
इसके साथ ही बोर्ड ने बताया कि सैकेण्डरी एवं सीनियर सैकेण्डरी (शैक्षिक) वार्षिक परीक्षा-2026 के लिए ग्रामीण क्षेत्र के सभी राजकीय, अराजकीय स्थाई एवं अस्थाई मान्यता प्राप्त विद्यालयों, गुरुकुलों और विद्यापीठों को 1 से 7 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा केंद्र विकल्प भी भरने होंगे। विद्यालय मुखिया बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in के माध्यम से अपनी लॉगिन आईडी से प्राथमिकता क्रम में पांच ग्रामीण/शहरी परीक्षा केंद्रों का चयन सुनिश्चित करेंगे।


