सेवा, सुशासन और मानवीय संवेदनाओं के जीवंत प्रतीक भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती के अवसर पर दिल्ली सरकार द्वारा एक जनकल्याणकारी पहल के तहत नेहरू नगर सहित राजधानी के विभिन्न स्थानों पर ‘अटल कैंटीन’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अटल कैंटीन योजना के अंतर्गत जरूरतमंदों को मात्र 5 रुपये में पौष्टिक और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सम्मान के साथ सहायता पहुँचाने का सशक्त संकल्प है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह योजना आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मंत्र को साकार करती है और यह सुनिश्चित करेगी कि दिल्ली में कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।
इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को इस अभिनव पहल को धरातल पर उतारने के लिए विशेष रूप से बधाई दी गई। कहा गया कि अटल कैंटीन जैसी योजनाएं सामाजिक समानता, मानवीय गरिमा और समावेशी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर शुरू की गई यह पहल उनके विचारों—अंत्योदय, करुणा और राष्ट्रसेवा—को सच्ची श्रद्धांजलि के रूप में देखी जा रही है।

