पानीपत में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। पानीपत स्थित इलेक्ट्रिक बस डिपो को बसों के संचालन हेतु पूरी क्षमता के साथ तैयार कर लिया गया है और आगामी तीन महीनों के भीतर इसे पूर्ण रूप से चालू कर दिया जाएगा।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने यह जानकारी सदन में दी। उन्होंने बताया कि पानीपत के लिए स्वीकृत कुल 50 इलेक्ट्रिक बसों में से 15 बसें अब तक डिपो को प्राप्त हो चुकी हैं। शेष बसें भी अगले तीन महीनों के भीतर उपलब्ध करा दी जाएंगी।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि शहरवासियों को सुलभ, किफायती और आधुनिक परिवहन सुविधा भी मिलेगी। सरकार प्रदेश में हरित ऊर्जा और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
डिपो के पूर्ण संचालन के बाद पानीपत शहर और आसपास के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई गति मिलेगी, जिससे यातायात दबाव कम होगा और आम नागरिकों को बेहतर यात्रा सुविधा प्राप्त होगी।


