हरियाणा सरकार ने अनुबंध नियुक्ति नीति में महत्वपूर्ण संशोधन करते हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत दी है। नई व्यवस्था के तहत अब ऐसे प्रभावित परिवारों को अनुकंपा आधार पर रोजगार देने का प्रावधान किया गया है।
सरकार द्वारा यह नियुक्तियां हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के माध्यम से की जाएंगी। योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार से एक सदस्य को उसकी योग्यता और अनुभव के अनुसार लेवल-1, लेवल-2 या लेवल-3 के उपयुक्त पद पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पीड़ित परिवारों के पुनर्वास और सम्मानजनक आजीविका सुनिश्चित करने की दिशा में एक संवेदनशील और मानवीय कदम है। इससे न केवल प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
सरकार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि नीति का क्रियान्वयन पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभ मिल सके।


