रोहतक: मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रोहतक में खिलाड़ी हार्दिक की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने फोन पर हार्दिक के परिवार से बात कर संवेदनाएं प्रकट कीं और इस मुश्किल समय में हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना अत्यंत दुखद है और इसकी पूरी जांच कराने के आदेश दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है, ताकि ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
सीएम नायब सैनी ने कहा, “हमारी सरकार सदैव खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करती है। खिलाड़ियों की सुरक्षा, सुविधाएं और उनके विकास के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संरचना को मज़बूत बनाने और खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित एवं प्रेरणादायी वातावरण सुनिश्चित करने हेतु राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है।


