टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीत के बाद शुभमन गिल के पोस्ट पर संजू सैमसन को फोटो से हटाने का आरोप लगा, लेकिन फैक्ट चेक में सामने आई असली सच्चाई।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां पूरे देश में जश्न का माहौल है, वहीं सोशल मीडिया पर एक नया विवाद भी सामने आ गया है। यह विवाद भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल के इंस्टाग्राम पोस्ट को लेकर शुरू हुआ, जिसमें कुछ यूजर्स ने आरोप लगाया कि उन्होंने टीम की फोटो से संजू सैमसन को एडिट करके हटा दिया।
हालांकि जांच और फैक्ट चेक में सामने आया है कि यह दावा पूरी तरह से भ्रामक और गलत है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद शुभमन गिल ने इंस्टाग्राम पर टीम इंडिया की ट्रॉफी के साथ जश्न मनाते हुए एक फोटो पोस्ट की। इस फोटो में संजू सैमसन दिखाई नहीं दे रहे थे।
इसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने इस फोटो की तुलना सूर्यकुमार यादव द्वारा पोस्ट की गई तस्वीर से की, जिसमें संजू सैमसन पीछे खड़े नजर आ रहे थे।
यही से यह दावा फैलने लगा कि गिल ने फोटो को एडिट कर सैमसन को हटा दिया।
also read : PAK vs BAN विवाद: रन आउट के बाद भड़के सलमान आगा, हेलमेट-ग्लव्स फेंककर मचाया बवाल
क्या है असली सच्चाई?
फैक्ट चेक के अनुसार शुभमन गिल ने फोटो में कोई एडिटिंग नहीं की। मैच के बाद जश्न के दौरान कई तस्वीरें अलग-अलग एंगल और अलग-अलग समय पर ली गई थीं।
गिल ने जिस फोटो को पोस्ट किया, उसमें खिलाड़ियों की पोजीशन अलग थी, जिसकी वजह से संजू सैमसन उस फ्रेम में नजर नहीं आ रहे थे।
दिलचस्प बात यह है कि यशस्वी जायसवाल ने भी वही फोटो शेयर की थी, जिसमें सैमसन दिखाई नहीं दे रहे थे। इसके अलावा शिवम दुबे और रविचंद्रन अश्विन ने भी इसी तरह की तस्वीरें पोस्ट की थीं।
अलग-अलग समय की थीं तस्वीरें
दरअसल, सूर्यकुमार यादव की पोस्ट की गई फोटो अलग समय की थी, जिसमें संजू सैमसन जसप्रीत बुमराह के पीछे खड़े दिखाई दे रहे थे। वहीं गिल की फोटो में ट्रॉफी और खिलाड़ियों की पोजीशन अलग थी।
इसी वजह से सोशल मीडिया पर भ्रम पैदा हो गया।
शानदार रहा संजू सैमसन का प्रदर्शन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन टीम इंडिया के बड़े मैच विनर साबित हुए। उन्होंने सिर्फ 5 मैचों में 321 रन बनाए।
इस दौरान उन्होंने लगातार तीन बड़ी पारियां खेलीं — 97, 89 और 89 रन*। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत के बीच यह सोशल मीडिया विवाद जरूर चर्चा में रहा, लेकिन सच्चाई सामने आने के बाद मामला साफ हो गया है।

