हॉलीवुड पॉप स्टार रिहाना के बेवर्ली हिल्स स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया, सिंगर सुरक्षित हैं।
हॉलीवुड की मशहूर पॉप सिंगर रिहाना के बेवर्ली हिल्स स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस घटना में रिहाना पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने मामले में एक 30 वर्षीय महिला को हिरासत में लिया है।
लॉस एंजिल्स पुलिस के अनुसार यह घटना रविवार दोपहर करीब 1:21 बजे (स्थानीय समय) हुई। पुलिस का कहना है कि रिहाना के घर के गेट के सामने सड़क के दूसरी तरफ खड़ी एक कार से लगभग 10 गोलियां चलाई गईं।
दीवार को पार कर गई गोली
रिपोर्ट के अनुसार, एक गोली घर की दीवार को चीरते हुए अंदर तक चली गई। हालांकि उस समय घर के अंदर मौजूद लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध महिला को गिरफ्तार कर लिया।
also read : महिला दिवस पर मंत्री अनिल विज का संदेश: महिलाओं की सफलता से ही मजबूत होगा समाज, धर्मशाला निर्माण के लिए ₹20 लाख दिए
फायरिंग के समय घर में थीं रिहाना
बताया जा रहा है कि जब यह फायरिंग हुई, उस समय रिहाना अपने घर के अंदर मौजूद थीं। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला ने सीधे रिहाना को निशाना बनाया था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। घटना के बाद सिंगर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
इंटरनेशनल एंगल की भी जांच
पुलिस इस मामले की जांच विभिन्न एंगल से कर रही है। हाल के वर्षों में कई मशहूर हस्तियों के घरों पर फायरिंग की घटनाएं सामने आई हैं, जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां इस मामले में किसी बड़े कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं।
हाल ही में तीसरी बार मां बनीं रिहाना
पॉप स्टार रिहाना इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में हैं। सितंबर 2025 में उन्होंने अपने तीसरे बच्चे को जन्म दिया था। रिहाना अपने पार्टनर रैपर A$AP Rocky के साथ अपनी फैमिली लाइफ को लेकर भी अक्सर सुर्खियों में रहती हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

