अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए गिहारा समाज की धर्मशाला निर्माण के लिए ₹20 लाख की सहायता राशि दी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं की सफलता और खुशहाली से ही समाज मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज शिक्षा, खेल, विज्ञान, कला, राजनीति और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से नई ऊंचाइयों को छू रही हैं।
अंबाला छावनी स्थित अपने आवास पर महिलाओं से मुलाकात के दौरान मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हमें महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और समाज में उनके योगदान को याद करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को पुरुषों के समान अवसर, नेतृत्व और सम्मान मिलना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि यह दिन लड़कियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करता है और समाज को महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक बनने का संदेश देता है।
also read : जींद फैक्ट्री हादसा: मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹2 लाख की सहायता, सीएम नायब सिंह सैनी ने जताया शोक
धर्मशाला निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की सहायता
इस अवसर पर मंत्री अनिल विज ने श्री माता महारानी दुर्गा देवी मंदिर गिहारा समाज धर्मशाला के निर्माण के लिए अपने स्वैच्छिक कोष से 20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की। समाज के प्रतिनिधियों ने धर्मशाला निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग की मांग की थी, जिसके बाद मंत्री विज ने यह राशि प्रदान की।
इस सहयोग के लिए पार्षद गौरव सैनी, रमेश सैनी, सुधीर कुमार गिहारा, सुधीर डिम्पी गिहारा, राजन गिहारा और राम रत्न सहित समाज के कई लोगों ने मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं रहीं मौजूद
कार्यक्रम के दौरान भाजपा पार्षद डॉ. शशि लोंगिया, भाजपा शास्त्री मंडल की नीलम शर्मा, प्रवीण जैन, ज्योति रानी, रितु पांडे, सुनीता पाटिल, दनिशा यादव, आरती शर्मा और हिमानी जैन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि देश और समाज की प्रगति में उनकी भूमिका और मजबूत हो सके।

