प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी की, हरियाणा के 15.86 लाख किसानों के खातों में 328 करोड़ रुपये ट्रांसफर हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम के गुवाहाटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 22वीं किस्त जारी की। इस किस्त के तहत देशभर के 9 करोड़ 32 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,640 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
इस योजना के तहत हरियाणा के 15 लाख 86 हजार किसानों के बैंक खातों में 328 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई है, जिससे प्रदेश के किसानों को आर्थिक सहायता मिली है।
पंचकूला में मनाया गया पीएम किसान उत्सव दिवस
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित राज्यस्तरीय पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का ऑनलाइन लाइव प्रसारण भी देखा।
कार्यक्रम में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
also read : हरियाणा में वाहन स्क्रैपिंग और रीसाइक्लिंग उद्योग को बढ़ावा, CM नायब सिंह सैनी ने प्रोत्साहन योजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का जताया आभार
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के खातों में राशि जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहायता किसानों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता और विश्वास का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों में किसान केंद्र बिंदु हैं और पिछले एक दशक में किसानों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की गई हैं।
किसानों को अब तक मिल चुकी है हजारों करोड़ की सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि 22वीं किस्त जारी होने के बाद हरियाणा के किसानों को कुल 22 किस्तों में लगभग 7,562 करोड़ रुपये की राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और कृषि क्षेत्र को नई गति मिली है।
किसानों के लिए कई योजनाएं चला रही है सरकार
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के हित में कई योजनाएं चला रही है। इनमें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना और कुसुम योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं, जिनके माध्यम से किसानों को आधुनिक तकनीक और सौर ऊर्जा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव एवं विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त डॉ. साकेत कुमार, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के महानिदेशक राज नारायण कौशिक, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

