मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महम रैली में किसानों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए विकास और खरीद व्यवस्था पर बड़ा बयान दिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महम में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि किसानों को फसल खरीद के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और “एक-एक दाना खरीदा जाएगा”, इसके लिए मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं और ड्यूटियां सुनिश्चित की गई हैं।
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह भ्रम फैलाकर किसानों को भटकाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों के दौरान भ्रष्टाचार चरम पर था, लेकिन वर्तमान सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था लागू कर उन “दुकानों” को बंद कर दिया है, जिससे विपक्ष को परेशानी हो रही है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 202.77 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया तथा क्षेत्र के विकास के लिए 10 करोड़ रुपये अतिरिक्त देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार विकास करते समय यह नहीं देखती कि क्षेत्र में किस दल का विधायक है, बल्कि हर क्षेत्र में समान रूप से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े 11 वर्षों में महम क्षेत्र में 1,328 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य किए गए हैं, जो पूर्व सरकारों की तुलना में कहीं अधिक है।
किसानों के मुद्दे पर विस्तार से बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने पिछले वर्षों में किसानों को मुआवजे और बीमा योजनाओं के तहत हजारों करोड़ रुपये की सहायता दी है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार के समय किसानों को मुआवजा देने में भारी कमी रही, जबकि वर्तमान सरकार ने बकाया राशि भी जारी की और नई योजनाओं के माध्यम से किसानों को मजबूत किया।
मुख्यमंत्री ने गेट पास को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि फसल खरीद की प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सरकार पर विश्वास रखें।
also read : महम में 202.77 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, सीएम नायब सिंह सैनी ने दी बड़ी सौगात
रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार “राष्ट्र प्रथम” की नीति पर काम कर रही है और हर संकट में जनता के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने रोजगार, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने कहा कि बिना पर्ची-खर्ची के लाखों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और कई नई भर्तियां प्रक्रिया में हैं। इसके अलावा स्कूल भवन निर्माण, जल आपूर्ति योजनाएं और सीवरेज प्रोजेक्ट्स के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने महिला सुरक्षा और सामाजिक कल्याण योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए बताया कि ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जा रही है, वहीं गरीब परिवारों को सस्ते गैस सिलेंडर और आवास योजनाओं का लाभ भी दिया जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में समान रूप से विकास करवा रही है। वहीं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि महम क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र और आगे बढ़ेगा।
राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं लागू कर रही है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना है और इसी सोच के साथ प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास की रोशनी पहुंचाई जा रही है।

