न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जेम्स नीशम ने सोशल मीडिया पर नेपाल प्रीमियर लीग की टीम पोखरा एवेंजर्स से अपने बकाया भुगतान की मांग कर विवाद खड़ा कर दिया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी गेंदबाजी से सुर्खियां बटोरने वाले न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जेम्स नीशम एक नए विवाद को लेकर चर्चा में आ गए हैं। नीशम ने सोशल मीडिया पर नेपाल प्रीमियर लीग की टीम पोखरा एवेंजर्स से अपने बकाया भुगतान की मांग कर दी है।
सोशल मीडिया पर मांगा बकाया पैसा
दरअसल, पोखरा एवेंजर्स ने इंस्टाग्राम पर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत के खिलाफ जेम्स नीशम की शानदार गेंदबाजी की तारीफ करते हुए एक पोस्ट साझा की। इस पोस्ट में उस ओवर का जिक्र था जिसमें उन्होंने तीन विकेट लेकर महज एक रन खर्च किया था।
हालांकि इस पोस्ट पर नीशम ने जवाब देते हुए लिखा, “कूल… अब खिलाड़ियों के पैसे भी दे दो।” उनके इस कमेंट के बाद मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
also read : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हीरो संजू सैमसन बन सकते हैं टीम इंडिया के अगले टी20 कप्तान
नेपाल प्रीमियर लीग में खेल चुके हैं नीशम
जेम्स नीशम पिछले साल नेपाल प्रीमियर लीग में पोखरा एवेंजर्स के लिए खेले थे। उस दौरान उन्होंने 4 मैचों में 99 रन बनाए और 5 विकेट भी हासिल किए।
हालांकि टीम का प्रदर्शन ज्यादा अच्छा नहीं रहा और 7 में से केवल 3 मैच जीतकर टीम प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी।
फैंस ने टीम मैनेजमेंट को किया ट्रोल
नीशम के इस खुलासे के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने पोखरा एवेंजर्स के टीम मैनेजमेंट को जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया है। कई लोगों ने कहा कि खिलाड़ियों को समय पर भुगतान न करना क्रिकेट की पेशेवर छवि को नुकसान पहुंचाता है।
फिलहाल इस पूरे मामले पर टीम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन जेम्स नीशम की इस टिप्पणी ने नेपाल प्रीमियर लीग में भुगतान व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

