इंडक्शन चूल्हा इस्तेमाल करते समय गलत बर्तन, मेटल ऑब्जेक्ट या खराब सतह का उपयोग करना खतरनाक हो सकता है, जानिए सुरक्षित उपयोग के जरूरी टिप्स।
देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की कमी के चलते लोग तेजी से इंडक्शन चूल्हे (Induction Cooktop) का इस्तेमाल करने लगे हैं। बिजली से चलने वाला यह कुकटॉप गैस की तुलना में सुविधाजनक माना जाता है, लेकिन इसे उपयोग करते समय कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है। छोटी-सी गलती भी बड़ा नुकसान करा सकती है और कभी-कभी हादसे का कारण भी बन सकती है।
हर तरह के बर्तन का उपयोग न करें
गैस चूल्हे पर लगभग हर प्रकार के बर्तन इस्तेमाल किए जा सकते हैं, लेकिन इंडक्शन चूल्हे में ऐसा नहीं है। इंडक्शन तकनीक केवल मैग्नेटिक बेस वाले बर्तनों के साथ काम करती है।
इसलिए एल्यूमिनियम, कॉपर, कांच और सिरेमिक के बर्तनों का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। इसके लिए स्टील या इंडक्शन-कम्पैटिबल बर्तन ही उपयोग करें।
कुकिंग सरफेस पर मेटल चीजें न रखें
इंडक्शन चूल्हे के कुकिंग एरिया पर चाकू, चम्मच, फॉयल या अन्य मेटल ऑब्जेक्ट रखना खतरनाक हो सकता है। ये चीजें तेजी से गर्म हो सकती हैं और इन्हें उठाते समय हाथ जलने का खतरा रहता है।
also read : जापान की नई Type-12 मिसाइल से बढ़ी चीन की चिंता: 1000 किमी तक वार करने वाली एडवांस टेक्नोलॉजी
वेंटिलेशन को ब्लॉक न करें
इंडक्शन कुकटॉप में हवा के लिए एयर इनटेक और एग्जॉस्ट वेंट्स होते हैं। अगर इन्हें किसी वस्तु से ढक दिया जाए तो मशीन ओवरहीट हो सकती है और इसकी परफॉर्मेंस खराब हो सकती है।
इसलिए इसे ऐसी जगह रखें जहां हवा का सही प्रवाह बना रहे।
टूटा हुआ ग्लास टॉप इस्तेमाल न करें
अगर इंडक्शन चूल्हे का ग्लास सरफेस टूट गया हो, तो उसे तुरंत इस्तेमाल करना बंद कर दें। टूटे हुए हिस्से से पानी या अन्य लिक्विड अंदर जा सकता है, जिससे इलेक्ट्रिक शॉक या मशीन खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
साफ करते समय रखें सावधानी
इंडक्शन कुकटॉप की सफाई करते समय सबसे पहले बिजली का कनेक्शन बंद कर दें। इसके बाद सूखे और मुलायम कपड़े से साफ करें।
इसके अलावा खाना बनाते समय बर्तनों को कुकटॉप के कांच पर घसीटने से बचें, क्योंकि इससे स्क्रैच पड़ सकते हैं और सतह खराब हो सकती है।
इंडक्शन चूल्हा इस्तेमाल करते समय क्या रखें ध्यान
-
केवल इंडक्शन-कम्पैटिबल बर्तन इस्तेमाल करें
-
कुकिंग एरिया पर मेटल वस्तुएं न रखें
-
वेंटिलेशन खुला रखें
-
टूटा कुकटॉप तुरंत बदलें
-
सफाई करते समय बिजली का कनेक्शन हटाएं
विशेषज्ञों के अनुसार इंडक्शन कुकटॉप सुरक्षित और ऊर्जा-कुशल उपकरण है, लेकिन सही तरीके से उपयोग न करने पर यह किचन में दुर्घटना का कारण भी बन सकता है। इसलिए इसे इस्तेमाल करते समय सावधानी रखना बेहद जरूरी है।

