टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले जानिए भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए 30 T20I मैचों का रिकॉर्ड और किस टीम का रहा दबदबा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और 8 मार्च को होने वाले फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। एक ओर जहां टीम इंडिया तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी, वहीं न्यूजीलैंड पहली बार इस खिताब को अपने नाम करने की कोशिश करेगी।
फाइनल मुकाबले से पहले अगर दोनों टीमों के टी20 इंटरनेशनल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आंकड़े काफी दिलचस्प तस्वीर पेश करते हैं।
30 मुकाबलों का रिकॉर्ड
अब तक भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल 30 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में भारत का पलड़ा थोड़ा भारी नजर आता है।
-
भारत ने 16 मैच जीते हैं
-
न्यूजीलैंड ने 11 मैचों में जीत दर्ज की है
-
जबकि 3 मुकाबले टाई रहे हैं
इन आंकड़ों से साफ है कि ओवरऑल रिकॉर्ड में टीम इंडिया न्यूजीलैंड से आगे है।
also read : T20 World Cup 2026: भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह, न्यूजीलैंड से होगा खिताबी मुकाबला
टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का दबदबा
हालांकि अगर बात आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए मुकाबलों की करें तो तस्वीर बिल्कुल अलग दिखाई देती है। दोनों टीमें अब तक तीन बार टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने आ चुकी हैं और तीनों बार जीत न्यूजीलैंड को मिली है।
-
2007 T20 वर्ल्ड कप: न्यूजीलैंड ने भारत को 10 रन से हराया
-
2016 T20 वर्ल्ड कप: न्यूजीलैंड ने 47 रन से जीत दर्ज की
-
2021 T20 वर्ल्ड कप: न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से मुकाबला जीता
यानी टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ 100 प्रतिशत जीत का रहा है।
भारतीय जमीन पर भारत मजबूत
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल भारत में खेला जा रहा है, ऐसे में घरेलू मैदान पर टीम इंडिया का रिकॉर्ड भी अहम हो जाता है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच भारतीय जमीन पर अब तक 16 टी20 मैच खेले गए हैं।
इन मुकाबलों में भारत ने 11 मैच जीते, जबकि न्यूजीलैंड को 5 मैचों में जीत मिली है। इससे साफ है कि होम कंडीशन में टीम इंडिया का प्रदर्शन ज्यादा मजबूत रहा है।
फाइनल से पहले बढ़ा रोमांच
अब सबकी नजरें टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल पर टिकी हैं। जहां आंकड़े भारत को हल्की बढ़त देते हैं, वहीं आईसीसी टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड टीम इंडिया के लिए चुनौती बना हुआ है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि फाइनल में इतिहास दोहराया जाएगा या नया इतिहास लिखा जाएगा।

