हरियाणा पर्यटन निगम 10 मार्च 2026 को चंडीगढ़ में ओपन मीट आयोजित करेगा, जिसमें पर्यटन स्थलों, बैंक्वेट हॉल और कन्वेंशन सेंटर को लीज़ पर संचालित करने के लिए इच्छुक वेंडर्स से सुझाव लिए जाएंगे।
हरियाणा में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने और पर्यटन स्थलों के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से हरियाणा पर्यटन निगम 10 मार्च 2026 को एक विशेष ओपन मीट का आयोजन करने जा रहा है। यह बैठक प्रातः 10 बजे निगम के मुख्यालय एससीओ 17-19, सेक्टर-17बी, चंडीगढ़ में आयोजित होगी।
यह पहल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा के उस विजन के अनुरूप है, जिसके तहत राज्य में पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यटन विभाग के विश्राम स्थलों और बैंक्वेट हॉलों के माध्यम से आय बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
पर्यटन विभाग के निदेशक पार्थ गुप्ता ने बताया कि इस ओपन मीट के दौरान हरियाणा पर्यटन के विभिन्न स्थलों को लीज़ पर संचालित करने के संबंध में इच्छुक वेंडर्स के साथ विस्तृत चर्चा की जाएगी। इनमें बैंक्वेट हॉल, कन्वेंशन सेंटर, लॉन और अन्य पर्यटन स्थल शामिल हैं।
also read : IND vs ENG सेमीफाइनल: वानखेड़े में इतिहास रचने उतरेगी टीम इंडिया, इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल का टिकट दांव पर
उन्होंने बताया कि इस बैठक में इवेंट मैनेजमेंट कंपनियां, हॉस्पिटैलिटी ऑपरेटर्स, कैटरर्स, वेडिंग प्लानर्स और अन्य संबंधित हितधारक भाग ले सकते हैं। बैठक के दौरान प्रतिभागियों से सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे, ताकि इन स्थलों के बेहतर प्रबंधन और उपयोग के लिए प्रभावी योजना बनाई जा सके।
पार्थ गुप्ता के अनुसार हरियाणा पर्यटन निगम इन पर्यटन केंद्रों को वर्ष 2008 की नीति के अनुरूप लीज़ पर देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। इससे न केवल पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि निगम की आय में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि इस पहल से राज्य में पर्यटन ढांचे को मजबूती मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाओं से लैस पर्यटन स्थल उपलब्ध होंगे। साथ ही निजी क्षेत्र की भागीदारी से इन स्थानों का संचालन और प्रबंधन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।

