कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने गोहाना में शहीद लांसनायक हवा सिंह की प्रतिमा का लोकार्पण कर कहा कि शहीदों के बलिदान और जवानों की मुस्तैदी से देश मजबूत हो रहा है।
हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि वीर जवानों के बलिदान और सीमाओं पर मुस्तैद हमारे सैनिकों की बदौलत आज देश और अधिक सशक्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार लगातार सैनिकों के सम्मान, कल्याण और उनके उत्साहवर्धन की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने आज गोहाना विधानसभा क्षेत्र में वर्ष 1965 की जंग के शहीद लांसनायक हवा सिंह के शहीद स्थल और उनकी आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमारे वीर जवानों की बदौलत ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद केंद्र और राज्य सरकारों ने सैनिकों के सम्मान और कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। दशकों पुरानी वन रैंक-वन पेंशन की मांग को मजबूत इच्छाशक्ति के साथ पूरा किया गया, जिससे लाखों पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मान और सुरक्षा मिली है।
also read : लखनऊ में किसानों को बड़ी सौगात: 2.51 लाख अन्नदाताओं को ₹285 करोड़ फसल बीमा, 3,500 परिवारों को ₹175 करोड़ सहायता, कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मिली रफ्तार
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा वीरों की धरती है, जहां लगभग हर दसवां जवान सेना में सेवा दे रहा है। उन्होंने बताया कि युद्ध और आईईडी ब्लास्ट में शहीद होने वाले जवानों के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये किया गया है। इसके अलावा वर्ष 2014 के बाद शहीद परिवारों के आश्रित सदस्यों को 418 सरकारी नौकरियां भी प्रदान की गई हैं, ताकि उनके जीवन में सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।
मंत्री ने कहा कि शहीदों की स्मृतियां और ऐसे स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति, त्याग और सेवा की प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश सेवा की भावना को अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने शहीद लांसनायक हवा सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को याद किया।

