जालंधर में लोगों से संवाद करते हुए सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा, रोजगार और नशा विरोधी अभियान पर काम कर रही है तथा 63,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य में अशिक्षा, नशा और बेरोजगारी को खत्म करना आम आदमी पार्टी सरकार का सबसे बड़ा संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार देकर उन्हें बेहतर भविष्य की ओर ले जाने का काम कर रही है।
मंगलवार को आदमपुर के गाजीपुर मोहल्ला में लोगों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियां आम लोगों के कल्याण पर केंद्रित हैं। उन्होंने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और बिजली जैसी सुविधाओं को लेकर सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
63 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
सीएम मान ने बताया कि पंजाब सरकार अब तक 63,000 से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार देकर उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है।
गरीब परिवारों के बच्चे भी पास कर रहे NEET और JEE
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले गरीब परिवारों के बच्चे भी NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए सुधारों से छात्रों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
also read : पंजाब सरकार ने जनता से किए हर वादे पूरे किए: सीएम भगवंत मान, महिलाओं को ₹1000–1500 सहायता सहित कई योजनाओं का जिक्र
महिलाओं के लिए ‘मावां धियां सत्कार’ योजना
सीएम मान ने मुख्यमंत्री मावां धियां सत्कार योजना का जिक्र करते हुए बताया कि इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1000 और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना माताओं और बेटियों के सम्मान और आर्थिक सहयोग के लिए शुरू की गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में 881 आम आदमी क्लीनिक शुरू किए गए हैं, जहां लोगों को मुफ्त इलाज मिल रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को ₹10 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान
सीएम मान ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान चलाकर नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। इस अभियान के तहत कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और जनता के सहयोग से इसे जन आंदोलन बनाया जा रहा है।
बिजली और सिंचाई में सुधार
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है और किसानों को धान के मौसम में दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार ने एक निजी थर्मल प्लांट खरीदकर उसे श्री गुरु अमरदास जी के नाम पर समर्पित किया है।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के विकास और आम लोगों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में भी शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े सुधार किए जाएंगे।

