BRICS Summit 2026 में PM मोदी ने शी जिनपिंग का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की मुलाकात में रामेश्वरम मंदिर की वास्तुकला भी चर्चा में रही।
BRICS Summit 2026: दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का भारत मंडपम में गर्मजोशी से स्वागत किया। करीब सात साल बाद भारत पहुंचे शी जिनपिंग और पीएम मोदी की मुलाकात के दौरान दोनों नेता मुस्कुराते नजर आए और उन्होंने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर अभिवादन किया।
भारत मंडपम में स्वागत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने शी जिनपिंग का ध्यान पीछे लगे तमिलनाडु के प्रसिद्ध रामेश्वरम मंदिर के कॉरिडोर की तस्वीर की ओर दिलाया। पीएम मोदी ने उन्हें मंदिर की वास्तुकला से जुड़ी जानकारी दी। शी जिनपिंग भी इस दौरान पूरे ध्यान से प्रधानमंत्री की बात सुनते दिखाई दिए।
भारतीय संस्कृति और वास्तुकला की झलक
पीएम मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात के दौरान भारत की सांस्कृतिक विरासत भी चर्चा का हिस्सा बनी। प्रधानमंत्री ने रामेश्वरम मंदिर के कॉरिडोर के आर्किटेक्चर के बारे में जानकारी साझा की।
दोनों नेताओं के बीच हुई यह संक्षिप्त बातचीत भारत की आध्यात्मिक और स्थापत्य परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक खास अवसर भी रही।
also read: सहारनपुर में नकली सिक्कों का खेल! 1.20 लाख के माल के साथ दो गिरफ्तार
शी जिनपिंग और पीएम मोदी के बीच होगी द्विपक्षीय बैठक
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचे हैं। ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक प्रस्तावित है।
इस बैठक में दोनों देशों के बीच सीमा विवाद, व्यापार और निवेश जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। दोनों देशों के संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में हाल के महीनों में कई उच्चस्तरीय बातचीत भी हुई हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच बीजिंग में हुई हालिया बातचीत को भी इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री ने किया स्वागत
शी जिनपिंग के भारत पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत भी हुई। चीनी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया।
विदेश मंत्रालय ने ब्रिक्स को लेकर जताई उम्मीद
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी शी जिनपिंग के भारत आगमन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सहयोग को आगे बढ़ाने और अधिक संतुलित, प्रतिनिधित्वपूर्ण तथा बहुध्रुवीय वैश्विक व्यवस्था के निर्माण में योगदान देने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।ऐसे में सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के बीच रचनात्मक और महत्वपूर्ण चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

