Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में 3 सितंबर को बारिश, गरज और तेज हवाओं का अलर्ट है। IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
Delhi Weather Today: दिल्ली-NCR में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। 3 सितंबर को राजधानी और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे यातायात, बिजली आपूर्ति और कमजोर ढांचों पर असर पड़ने की आशंका है।
दिल्ली में दिनभर आसमान के बादलों से घिरे रहने की संभावना है। तापमान करीब 27 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दोपहर से शाम तक कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। शाम से रात के बीच भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।
दिल्ली में ट्रैफिक और बिजली व्यवस्था पर पड़ सकता है असर
बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली-NCR में लोगों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। जलभराव के चलते प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक धीमा होने और कुछ स्थानों पर यातायात बाधित होने की संभावना है।
तेज हवाओं के कारण पेड़ या कमजोर ढांचे क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। बिजली आपूर्ति पर भी इसका असर पड़ने की आशंका है। ऐसे मौसम में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
कई राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के व्यापक पूर्वानुमान के अनुसार, देश के कई हिस्सों में 3 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है।
मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
also read: दिल्ली AIIMS में 13 साल इलाज का इंतजार, 15 साल की तन्वी की मौत; पित…
इन राज्यों में भी बरस सकते हैं बादल
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा पंजाब, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश हो सकती है।
कई राज्यों में आकाशीय बिजली का खतरा
बारिश के साथ कुछ राज्यों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली के साथ बारिश हो सकती है। ऐसे में खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की सलाह दी जाती है।
आंध्र प्रदेश में 50 KM तक की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
IMD के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, आंतरिक कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना में करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।
4 सितंबर को भी दिल्ली में खराब मौसम की संभावना
दिल्ली के लिए क्षेत्रीय मौसम विभाग ने 3 सितंबर को बारिश, गरज और बिजली चमकने की संभावना जताई है। मौसम का यह रुख अगले दिन यानी 4 सितंबर को भी जारी रह सकता है।
ऐसे में दिल्ली-NCR के लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।

