Tempus Instruments IPO: टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स ने एंकर बुक से ₹194.5 करोड़ जुटाए हैं। कंपनी का ₹650 करोड़ IPO 20 अगस्त को खुला है। जानें प्राइस बैंड और IPO की पूरी डिटेल।
Tempus Instruments IPO: तापमान सेंसर और थर्मल इंजीनियरिंग समाधान बनाने वाली कंपनी टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) ने अपने आगामी आईपीओ से पहले एंकर निवेशकों से 194.5 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी का 650 करोड़ रुपये का आईपीओ 20 अगस्त 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है और 24 अगस्त 2026 को बंद होगा।
कंपनी ने 19 अगस्त को एंकर बुक के तहत 29 संस्थागत निवेशकों को कुल 64.84 लाख इक्विटी शेयर आवंटित किए। शेयरों का आवंटन 300 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी मूल्य पर किया गया, जिससे कंपनी ने करीब 194.5 करोड़ रुपये जुटाए।
Tempus Instruments IPO का प्राइस बैंड
टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स ने आईपीओ के लिए 285 से 300 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड निर्धारित किया है। इस इश्यू का कुल आकार 650 करोड़ रुपये है।
आईपीओ में 95 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू और 555 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल (OFS) शामिल है। OFS के तहत कंपनी के मौजूदा शेयरधारक करीब 1.85 करोड़ शेयर बिक्री के लिए पेश करेंगे।
एंकर निवेशकों में बड़े नाम शामिल
कंपनी की एंकर बुक में कई प्रमुख घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भाग लिया। इनमें सिंगापुर की टेमासेक होल्डिंग्स से जुड़ी अरंडा इन्वेस्टमेंट्स, गोल्डमैन सैक्स और प्रशांत खेमका से जुड़े अशोका व्हाइटओक फंड जैसे निवेशक शामिल हैं।
एंकर बुक के कुल शेयरों में से 37.21 लाख शेयर आठ घरेलू म्यूचुअल फंडों को आवंटित किए गए। इनमें एचडीएफसी एएमसी, निप्पॉन लाइफ इंडिया, कोटक महिंद्रा एएमसी, आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी, एडलवाइस और टाटा म्यूचुअल फंड जैसे नाम शामिल हैं। इन फंडों ने कुल 14 अलग-अलग योजनाओं के जरिए आवेदन किया था।
इसके अलावा, एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस और कोटक महिंद्रा लाइफ इंश्योरेंस को कुल 4.67 लाख शेयर आवंटित किए गए।
also read: UP RERA New Rules: बिल्डरों और एजेंटों पर सख्ती, घर खरीदारों के लिए…
कंपनी का कारोबार और बाजार हिस्सेदारी
राजस्थान स्थित टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स थर्मल इंजीनियरिंग, तापमान सेंसर और विशेष केबल समाधानों के क्षेत्र में काम करती है। कंपनी के अनुसार, उसके पास दुनियाभर में 15 मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं।
कंपनी का दावा है कि वह भारत में कॉन्टैक्ट और नॉन-कॉन्टैक्ट तापमान सेंसर की प्रमुख निर्माता है। तापमान सेंसर सेगमेंट में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 10.5%, जबकि नॉन-कॉन्टैक्ट तापमान सेंसर बाजार में हिस्सेदारी 21.3% बताई गई है।
वित्तीय प्रदर्शन कैसा रहा?
वित्त वर्ष 2026 में कंपनी के कुल राजस्व में घरेलू कारोबार की हिस्सेदारी 71.5% रही, जबकि करीब 28.5% राजस्व निर्यात कारोबार से आया।
मार्च 2026 में समाप्त वित्त वर्ष में टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स का मुनाफा बढ़कर 67.3 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष के 60.6 करोड़ रुपये की तुलना में 11.2% अधिक है।
इसी अवधि में कंपनी का राजस्व भी बढ़ा। वित्त वर्ष 2025 में 378.5 करोड़ रुपये के मुकाबले वित्त वर्ष 2026 में राजस्व 444.9 करोड़ रुपये पहुंच गया, यानी इसमें करीब 17.5% की वृद्धि दर्ज की गई।
IPO से मिलने वाले पैसों का कहां होगा इस्तेमाल?
कंपनी फ्रेश इश्यू से मिलने वाली शुद्ध राशि का इस्तेमाल कारोबार के विस्तार और वित्तीय दायित्वों को कम करने के लिए करेगी।
योजना के मुताबिक, करीब 18.1 करोड़ रुपये का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक हीटिंग सॉल्यूशंस और स्पेशल केबल सॉल्यूशंस के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर में किया जाएगा। वहीं, 55 करोड़ रुपये का उपयोग कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा। बाकी रकम को सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए इस्तेमाल करने की योजना है।
कौन हैं IPO के मर्चेंट बैंकर?
टेम्पसेंस इंस्ट्रूमेंट्स आईपीओ के लिए ICICI Securities और JM Financial मर्चेंट बैंकर की भूमिका निभा रहे हैं। आईपीओ से पहले एंकर निवेशकों से मिली मजबूत प्रतिक्रिया पर बाजार की नजर बनी हुई है।

