हरियाली तीज 2026 15 अगस्त को मनाई जाएगी। जानें सावन तीज की तारीख, पूजा का शुभ मुहूर्त, व्रत विधि और शिव-पार्वती पूजा का महत्व।
सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित माना जाता है, जिसमें शिव पूजा और व्रत का विशेष महत्व होता है। इसी पावन माह में मनाया जाने वाला प्रमुख पर्व हरियाली तीज सुहागिन महिलाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
कब है हरियाली तीज 2026?
द्रिक पंचांग के अनुसार, साल 2026 में सावन माह 30 जुलाई से 28 अगस्त तक रहेगा। इस दौरान हरियाली तीज का पर्व 15 अगस्त 2026 (शनिवार) को मनाया जाएगा।
शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि का आरंभ 14 अगस्त को शाम 06:46 बजे होगा और इसका समापन 15 अगस्त को शाम 05:28 बजे होगा। उदया तिथि के अनुसार हरियाली तीज 15 अगस्त को ही मनाई जाएगी।
also read: सोमवती अमावस्या 2026: अधिकमास में 15 जून को पहली सोमवती अमावस्…
हरियाली तीज का शुभ मुहूर्त
हरियाली तीज के दिन पूजा के लिए शुभ समय इस प्रकार रहेगा:
सुबह का मुहूर्त: 07:29 AM से 09:08 AM
दोपहर से शाम का मुहूर्त: 12:25 PM से 05:22 PM
इस दौरान शिव-पार्वती की पूजा करना अत्यंत शुभ माना जाता है।
हरियाली तीज पूजा विधि
इस दिन महिलाएं सुबह जल्दी उठकर स्नान करती हैं और हरे रंग के वस्त्र पहनती हैं। इसके बाद पूजा स्थान को साफ कर गंगाजल का छिड़काव किया जाता है।
पूजा में 16 श्रृंगार कर महिलाएं शिव-पार्वती की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करती हैं। व्रत का संकल्प लेने के बाद भगवान शिव और माता पार्वती को फल, फूल और मिठाई अर्पित की जाती है। इसके बाद हरियाली तीज व्रत कथा का पाठ, मंत्र जाप और आरती की जाती है। अंत में प्रसाद का वितरण किया जाता है।
क्यों मनाई जाती है हरियाली तीज?
हरियाली तीज भगवान शिव और माता पार्वती के पुनर्मिलन की स्मृति में मनाई जाती है। यह पर्व विशेष रूप से सुहागिन महिलाओं द्वारा पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए रखा जाता है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस व्रत को करने से वैवाहिक जीवन में सुख-समृद्धि आती है और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

