खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल में सामुदायिक भवन, खेल सुविधाएं और 850 करोड़ से अधिक की जल-सीवरेज परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
हरियाणा सरकार द्वारा पलवल जिले के समग्र विकास को नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल के गांव कुशलीपुर (वार्ड-10) में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक भवन परिसर में चारदीवारी, ट्रैक और पार्क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी विकसित होगी।
मंत्री ने बताया कि लगभग 2.50 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक भवन का मुख्य हॉल तैयार किया जाएगा, जबकि करीब 1 करोड़ रुपये से चारदीवारी, ट्रैक, पार्क और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह भवन किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सभी समुदायों के लिए खुला होगा, जहां सामाजिक कार्यक्रम, बैठकें और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।
उन्होंने युवाओं को ध्यान में रखते हुए खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए पलवल सहित पूरे हरियाणा में आधुनिक स्टेडियम, रनिंग ट्रैक और खेल नर्सरी स्थापित कर रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
also read : विपक्ष पर सीएम नायब सिंह सैनी का हमला, जींद में 253 करोड़ की परियोजनाओं के साथ विकास की नई रफ्तार
इस मौके पर मंत्री ने शहरी विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए वार्ड-12 जवाहर नगर कैंप स्थित धीगड़ा भवन परिसर में पानी और सीवरेज लाइन परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि अमृत 2.0 योजना के तहत लगभग 332 करोड़ रुपये की लागत से पूरे शहर में सीवरेज नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा, जबकि रैनीवेल परियोजना के तहत करीब 522 करोड़ रुपये खर्च कर जल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से पलवल में स्वच्छता, जल आपूर्ति और खेल सुविधाओं के क्षेत्र में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारना है ताकि आमजन को सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांतों पर चलते हुए सरकार हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। पलवल जिले में विकास की यह गति आने वाले समय में और तेज होगी और यह क्षेत्र प्रदेश के विकसित जिलों में शामिल होगा।

