दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी मुरथल में 21 मार्च को होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने की, लगभग 1400 छात्र लेंगे हिस्सा।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की अध्यक्षता में शुक्रवार को दीनबंधु छोटू राम यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (DCRUST), मुरथल (सोनीपत) में 21 मार्च को आयोजित होने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उच्चतर शिक्षा विभाग, सोनीपत जिला प्रशासन, विश्वविद्यालय प्रशासन और अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की गई।
युवाओं को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का मंच
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्मेलन से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते सुनिश्चित किए जाएं, ताकि कार्यक्रम भव्य और सफलतापूर्वक आयोजित हो सके।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रम युवाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का विकास करते हैं।
संवैधानिक संस्थाओं के प्रति जागरूकता
हरविंद्र कल्याण ने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से युवाओं को संवैधानिक संस्थाओं के अधिकारों, कार्यों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया जाएगा। इससे युवा समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
also read : VB-G RAM G यूथ डिजिटल अभियान लॉन्च: ग्रामीण विकास और रोजगार के लिए युवाओं को जोड़ने की पहल
1400 विद्यार्थी लेंगे हिस्सा
बैठक में जानकारी दी गई कि इस युवा सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों से लगभग 1400 विद्यार्थी भाग लेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और सुचारु परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सभी जरूरी सुविधाओं के निर्देश
उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंच व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संचालन के लिए विस्तृत योजना तैयार करने को कहा।
सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर जोर
हरविंद्र कल्याण ने सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता देते हुए कहा कि सम्मेलन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध और यातायात नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में उच्चतर शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनीत गर्ग, महानिदेशक एस. नारायणन, कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, सोनीपत के उपायुक्त सुशील सारवान और सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की अतिरिक्त निदेशक वर्षा खांगवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

