हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया है कि सभी पेंशन, सब्सिडी और वित्तीय सहायता हर महीने की 10 तारीख को DBT के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी।
हरियाणा सरकार ने राज्य में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली सब्सिडी, पेंशन और अन्य वित्तीय सहायता के वितरण को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब इन सभी लाभों का भुगतान हर महीने की 10 तारीख को डायरेक्ट बैंक ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में किया जाएगा।
हर महीने तय तारीख पर होगा भुगतान
इस नई व्यवस्था के तहत हर महीने हरियाणा निवास, चंडीगढ़ में एक औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में सक्षम प्राधिकारी द्वारा एक ही कमांड या बटन दबाकर लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर की जाएगी।
मुख्य सचिव ने जारी किए निर्देश
इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्ड और निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडलायुक्तों और उपायुक्तों को निर्देश जारी किए गए हैं कि इस नई व्यवस्था का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
also read : मुरथल में 21 मार्च को होगा युवा सम्मेलन, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने तैयारियों की समीक्षा
सभी योजनाओं पर लागू होगा नियम
सरकार के निर्देशों के अनुसार अब विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली पेंशन, सब्सिडी और वित्तीय सहायता, जिनमें बोर्ड और निगमों द्वारा संचालित योजनाएं भी शामिल हैं, हर महीने एक निर्धारित तिथि पर सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएंगी।
समय पर डेटा उपलब्ध कराने के निर्देश
सरकार ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे आवश्यक डेटा समय पर उपलब्ध कराएं और सभी औपचारिकताएं तय समय में पूरी करें, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो।
पारदर्शिता और समयबद्धता बढ़ेगी
सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से भुगतान में पारदर्शिता बढ़ेगी, देरी कम होगी और लाभार्थियों को समय पर सहायता मिलेगी।
इस फैसले से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि राज्य की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नियमित और प्रभावी तरीके से पहुंच सके।

