ग्रामीण विकास मंत्रालय ने VB-G RAM G यूथ डिजिटल अभियान शुरू किया, जिसमें युवा MY Bharat पोर्टल पर 60 सेकंड का वीडियो बनाकर भाग ले सकते हैं।
भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने युवाओं को ग्रामीण विकास और रोजगार से जुड़ी पहलों में शामिल करने के उद्देश्य से ‘VB-G RAM G यूथ डिजिटल अभियान’ शुरू किया है। यह अभियान MY Bharat के सहयोग से देशभर में चलाया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य “विकसित भारत – ग्रामीण रोजगार और आजीविका मिशन (VB-G RAM G) एक्ट 2025” के बारे में युवाओं और आम लोगों में व्यापक जागरूकता फैलाना है। अभियान का नारा “विकसित भारत – युवा शक्ति, पंचायतों की प्रगति” रखा गया है।
युवाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया अभियान
सरकार ने इस अभियान को युवाओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया है। इसमें क्विज़, वीडियो चैलेंज और क्रिएटिव प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस पहल का उद्देश्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों को देशव्यापी डिजिटल जन आंदोलन में बदलना है।
‘मेरे गाँव के लिए 60 सेकंड’ वीडियो प्रतियोगिता
अभियान के तहत 6 मार्च 2026 से राष्ट्रीय स्तर की शॉर्ट वीडियो प्रतियोगिता शुरू की गई है, जिसका नाम “मेरे गाँव के लिए 60 सेकंड” रखा गया है।
यह प्रतियोगिता 15 से 29 वर्ष के युवाओं के लिए आयोजित की गई है। प्रतिभागी 30 से 60 सेकंड का वीडियो बनाकर MY Bharat पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।
प्रतिभागी अपने वीडियो किसी भी भारतीय भाषा में बना सकते हैं और वीडियो मोबाइल फोन, कैमरा या एनिमेशन टूल्स की मदद से तैयार किए जा सकते हैं।
also read : हरियाणा राज्यसभा चुनाव 2026: सभी उम्मीदवारों पर कोई सरकारी बकाया नहीं, रिटर्निंग ऑफिसर की सार्वजनिक सूचना
ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर बनेंगे वीडियो
इस प्रतियोगिता में युवा कई महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं, जैसे:
-
VB-G RAM G एक्ट के उद्देश्य और प्रमुख विशेषताएं
-
ग्रामीण रोजगार और आजीविका के अवसर
-
गांवों के विकास में इस योजना की भूमिका
-
युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर
-
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में गांवों की भूमिका
इसके साथ ही प्रतिभागी “मेरा गाँव, मेरा भविष्य” और आत्मनिर्भर गांवों के विजन को भी अपने वीडियो में दर्शा सकते हैं।
प्रतिभागियों को मिलेगा प्रमाण पत्र
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी योग्य प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
वहीं बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को विशेष सम्मान के साथ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत का अवसर भी मिलेगा।
ऐसे करें भागीदारी
युवा इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए
mybharat.gov.in पोर्टल पर जाकर या इस लिंक पर क्लिक करके आवेदन कर सकते हैं:
https://bit.ly/4r3Gxhn
सरकार का मानना है कि इस अभियान के माध्यम से युवाओं की रचनात्मकता और डिजिटल भागीदारी के जरिए ग्रामीण विकास की दिशा में नए विचार और पहल सामने आएंगी।

