हरियाणा सरकार ने नेशनल हेल्थ मिशन के तहत 100 स्वास्थ्य संस्थानों को फर्स्ट रेफरल यूनिट घोषित किया, जिससे गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर उपचार मिलेगा।
हरियाणा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के 100 स्वास्थ्य संस्थानों को फर्स्ट रेफरल यूनिट (FRU) के रूप में नामित किया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और दूरदराज़ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) के तहत इन केंद्रों को विकसित किया जा रहा है ताकि गंभीर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके और उन्हें बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो।
24 घंटे उपलब्ध होंगी आपातकालीन सेवाएं
आरती सिंह राव ने कहा कि इन फर्स्ट रेफरल यूनिट्स को 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार किया जा रहा है। यहां प्रसूति सेवाएं, नवजात शिशु देखभाल और रक्त भंडारण जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इससे गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं से जुड़ी आपात स्थितियों में तुरंत चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
प्राथमिक और बड़े अस्पतालों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि एफआरयू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और तृतीयक अस्पतालों के बीच एक अहम कड़ी के रूप में काम करेंगे। इन केंद्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जा रही है।
also read : अनिल विज से मिलने पहुंचे विधायक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जल्द स्वस्थ होने की कामना
मातृ और नवजात मृत्यु दर कम करने का लक्ष्य
सरकार का लक्ष्य इन केंद्रों के माध्यम से मातृ मृत्यु दर और नवजात मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाना है। उन्होंने कहा कि इन इकाइयों के सुदृढ़ होने से पूरे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच में सुधार होगा।
इन जिलों के अस्पताल बनाए गए एफआरयू
प्रदेश में जिन 100 स्वास्थ्य संस्थानों को फर्स्ट रेफरल यूनिट के रूप में नामित किया गया है, उनमें अंबाला के 5, भिवानी के 4, चरखी दादरी के 2, फरीदाबाद के 5, फतेहाबाद के 5, गुरुग्राम के 4, हिसार के 5, झज्जर के 6, जींद के 6, कैथल के 4, करनाल के 6, कुरुक्षेत्र के 5, महेंद्रगढ़ के 4, नूंह के 5, पलवल के 4, पंचकूला के 4, पानीपत के 4, रेवाड़ी के 4, रोहतक के 4, सिरसा के 5, सोनीपत के 5 और यमुनानगर के 4 स्वास्थ्य संस्थान शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने और नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

