हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला छावनी के शाहपुर गांव में 11.65 करोड़ रुपये की लागत से ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा।
हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अंबाला छावनी को एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। सरकार ने अंबाला छावनी के गांव शाहपुर में ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान स्थापित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही इसी स्थान पर ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।
13 एकड़ से अधिक भूमि पर बनेगा संस्थान
उन्होंने बताया कि गांव शाहपुर में 13 एकड़ 5 कनाल और 4 मरला भूमि पर ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 11.65 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
अनिल विज ने कहा कि इस संस्थान के निर्माण से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके माध्यम से आसपास के जिलों के युवाओं को आधुनिक ड्राइविंग प्रशिक्षण और कौशल विकास का अवसर मिलेगा, जिससे वे अधिक कुशल चालक बन सकेंगे।
also read : सुखोई विमान हादसे पर शोक: मंत्री राव नरबीर सिंह ने स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ के बलिदान को दी श्रद्धांजलि
हर सप्ताह 300 वाहनों की होगी फिटनेस जांच
परिवहन मंत्री ने बताया कि ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन स्थापित होने के बाद प्रति सप्ताह लगभग 300 वाहनों की फिटनेस जांच की जा सकेगी। इससे वाहन सुरक्षा और सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।
परिवहन सेवाओं को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने पर जोर
अनिल विज ने कहा कि उनका उद्देश्य हरियाणा में परिवहन सुविधाओं को और अधिक सुचारू और आधुनिक बनाना है। इसके लिए सरकार लगातार तकनीकी सुधारों के माध्यम से सेवाओं को बेहतर बनाने का काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में राज्य परिवहन की बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए बस ट्रैकिंग सिस्टम लागू करने और बस अड्डों पर डिजिटल बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को बसों के आवागमन की जानकारी डिजिटल माध्यम से मिल सके।
सरकार का मानना है कि इन कदमों से हरियाणा में परिवहन व्यवस्था अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और आधुनिक बनेगी।

