हरियाणा सरकार ने सभी विभागों को सेवा सुरक्षा पोर्टल पर अनुबंध कर्मचारियों के डाटा की तुरंत जांच और अपडेट करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सेवा सुरक्षा अधिनियम 2024 का प्रभावी क्रियान्वयन हो सके।
हरियाणा सरकार ने राज्य के सभी विभागों को सेवा सुरक्षा पोर्टल पर अनुबंध कर्मचारियों के डाटा को तत्काल अपडेट और सत्यापित करने के निर्देश जारी किए हैं। यह कदम हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 और नियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।
मानव संसाधन विभाग द्वारा जारी आदेशों में बताया गया है कि पोर्टल पर अनुबंध कर्मचारियों के डाटा में कई प्रकार की तकनीकी और प्रशासनिक अनियमितताएं सामने आई हैं, जिन्हें तुरंत ठीक करना आवश्यक है।
डाटा में सामने आई कई त्रुटियां
सरकार के अनुसार पोर्टल पर निम्नलिखित समस्याएं देखी गई हैं:
-
ओटीपी प्राप्त करने में समस्या
-
मोबाइल नंबर का गलत या बदला हुआ होना
-
परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) में त्रुटियां
-
कर्मचारियों और डीडीओ (आहरण एवं वितरण अधिकारी) का विवरण सही तरीके से दर्ज न होना
सरकार ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभागों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
also read : अंबाला छावनी के शाहपुर में बनेगा ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान, 11.65 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी
अधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्ड और निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडलायुक्तों और उपायुक्तों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे पात्र अनुबंध कर्मचारियों के डाटा की जांच कर उसे प्राथमिकता के आधार पर सही करवाएं।
निर्देशों में कहा गया है कि यदि किसी पात्र कर्मचारी को ओटीपी या अन्य तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो संबंधित विभागाध्यक्ष मामले की जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
निर्धारित प्रारूप में भेजनी होगी सूची
सरकार ने विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे अद्यतन कर्मचारी पहचान संख्या, विशिष्ट वेतन कोड और सेवा संबंधी पूरी जानकारी के साथ पात्र अनुबंध कर्मचारियों की सही और अद्यतन सूची निर्धारित प्रारूप में भेजें।
-
भाग-1 के कर्मचारियों का डाटा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) को भेजा जाएगा
-
भाग-2 के कर्मचारियों का डाटा खजाना एवं लेखा विभाग को भेजा जाएगा
समयबद्ध पालन के निर्देश
मानव संसाधन विभाग ने सभी विभागों, बोर्डों और सार्वजनिक उपक्रमों को इन निर्देशों का समयबद्ध और सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है, ताकि सेवा सुरक्षा पोर्टल का संचालन सुचारू रूप से हो सके और पात्र कर्मचारियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

