हरियाणा पर्यटन निगम 28 फरवरी से पांच दिवसीय ‘रंगोत्सव 2026’ आयोजित करेगा, जहां टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में परिवारों और कॉरपोरेट समूहों संग होली उत्सव मनाया जाएगा।
प्रदेश में पहली बार हरियाणा पर्यटन विभाग के टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स होली के रंगों में रंगे नजर आएंगे। हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा 28 फरवरी से पांच दिवसीय ‘रंगोत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें आमजन, परिवार, कॉरपोरेट समूह, आरडब्ल्यूए और विभिन्न एसोसिएशन एक साथ मिलकर उत्सव का आनंद उठा सकेंगे।
विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम का पोस्टर लॉन्च करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश में सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा देगी। उन्होंने बताया कि पहली बार पर्यटन विभाग के सभी प्रमुख टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में संगठित रूप से होली उत्सव मनाया जाएगा, जिससे न केवल स्थानीय लोगों को सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल मिलेगा, बल्कि राज्य में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
‘रंगोत्सव 2026’ के दौरान रंग-गुलाल, पारंपरिक लोक संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पारिवारिक मनोरंजन कार्यक्रम और विशेष खानपान की व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को इस तरह डिजाइन किया गया है कि हर आयु वर्ग के लोग इसमें भाग ले सकें।
also read : प्रॉपर्टी आईडी विवाद: हरियाणा राइट टू सर्विस कमीशन का सख्त रुख, शिकायतकर्ता को 5,000 रुपये मुआवजा देने के आदेश
मंत्री ने कहा कि कॉरपोरेट समूहों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWA) की भागीदारी से सामुदायिक सौहार्द को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन स्थलों पर उत्सव का माहौल बनेगा।
हरियाणा पर्यटन निगम के अधिकारियों ने बताया कि आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा, स्वच्छता व व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स केवल ठहरने के स्थान न रहकर सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र बनें। ‘रंगोत्सव 2026’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

