इग्नू ने जनवरी 2026 सत्र के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश व पुनः पंजीकरण की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 तक बढ़ा दी है। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन किया जा सकता है।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (IGNOU) ने विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए जनवरी 2026 सत्र के लिए नए दाखिले और पुनः पंजीकरण (री-रजिस्ट्रेशन) की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 फरवरी 2026 कर दी है। अब छात्र स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए तय समय सीमा तक आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि यह फैसला विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि वे अभ्यर्थी जो किसी कारणवश पहले तय तारीख तक आवेदन नहीं कर पाए थे, उन्हें एक और मौका मिल सके। इसके साथ ही, जो छात्र किसी अन्य कॉलेज या विश्वविद्यालय में रेगुलर मोड में पढ़ाई कर रहे हैं, वे भी इग्नू से एक अतिरिक्त डिग्री या डिप्लोमा कोर्स करके अपने करियर विकल्पों का विस्तार कर सकते हैं।
प्रवक्ता के अनुसार, इग्नू की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इच्छुक उम्मीदवार अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट
https://ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जो विद्यार्थी री-रजिस्ट्रेशन कर रहे हैं, उन्हें 200 रुपये विलंब शुल्क का भुगतान करना होगा। विश्वविद्यालय ने सभी पात्र छात्रों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि से पहले अपना पंजीकरण या पुनः पंजीकरण पूरा कर लें, ताकि आगे चलकर किसी तरह की शैक्षणिक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इग्नू देश का प्रमुख मुक्त विश्वविद्यालय है, जहां लाखों छात्र दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से पढ़ाई कर रहे हैं। ऐसे में तारीख बढ़ने से उन छात्रों को फायदा मिलेगा, जो किसी वजह से पहले आवेदन नहीं कर पाए थे और अब अपने शैक्षणिक भविष्य को आगे बढ़ाना चाहते हैं।


