हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नूंह जिले में 47 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं से शिक्षा, खेल, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नूंह जिले को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 47 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार होने वाली विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर तावडू की अनाज मंडी में आयोजित विकसित सोहना-तावडू विकास रैली में मुख्यमंत्री ने जिला नूंह और सोहना विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी अनेक विकास योजनाओं का ऐलान किया और उनके कार्यों की शुरुआत करवाई।
मुख्यमंत्री ने कुल 25 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत वाली पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें एमडीए के तहत 10 गांवों में 2.62 करोड़ रुपये से पुस्तकालयों का निर्माण, नूंह में करीब 15.46 करोड़ रुपये से बनने वाली जिला लाइब्रेरी कम एक्सीलेंस सेंटर, लगभग 2.25 करोड़ रुपये से बनने वाला सीईओ एमडीए का आवास, एम3एम द्वारा 2.25 करोड़ रुपये की लागत से मकबरा परिसर का संरक्षण कार्य, और 3 करोड़ रुपये से गांव झामुवास में स्टेडियम के पुनर्विकास का कार्य शामिल है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने 21 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से पूरी हुई कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें एमडीए की ओर से 25 सरकारी स्कूलों में 1.37 करोड़ रुपये से बने खेल मैदान, अरावली संरक्षित वन क्षेत्र में 1.73 करोड़ रुपये की लागत से बनी तीन अर्थन डैम/वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं और सात क्रेट वायर संरचनाएं शामिल हैं।
ऊर्जा और शिक्षा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए 4.92 करोड़ रुपये की लागत से जिले के 40 सरकारी स्कूलों, 17 पीएचसी और 6 सीएचसी में हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट लगाए गए हैं। वहीं, मेवात क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु गांव मढ़ी (खंड नगीना) में 2 करोड़ रुपये की लागत से नीट/जेईई कोचिंग सेंटर का उद्घाटन भी किया गया।
डिजिटल और प्रशासनिक सुधारों के तहत करीब 2.50 करोड़ रुपये की लागत से जिले के सरकारी स्कूलों में फेशियल बायोमेट्रिक अटेंडेंस सिस्टम लगाया गया है। इसके अलावा, 1 करोड़ रुपये की लागत से एचएलजी राजकीय कॉलेज तावडू में छह नए कक्षा कक्ष बनाए गए हैं। किसानों के लिए तावडू मंडी में 24 लाख रुपये की लागत से बनी अटल किसान कैंटीन का भी उद्घाटन किया गया।
एम3एम द्वारा 3.65 करोड़ रुपये से बने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, तावडू, और 1.90 करोड़ रुपये की लागत से वार्ड नंबर-9 तावडू में बने तालाब, साथ ही 1.95 करोड़ रुपये से सोहना स्थित फव्वारा चौक के नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य तथा सोहना के गांव सेजावास में बने बूस्टिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इन परियोजनाओं से नूंह जिले में शिक्षा, खेल, ऊर्जा, जल संरक्षण और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है और आने वाले समय में ऐसे और भी प्रोजेक्ट्स शुरू किए जाएंगे।


