हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विकसित सोहना-तावडू विकास रैली में सब डिपो, बाईपास, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क परियोजनाओं और 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की। जानिए क्षेत्र के लिए क्या-क्या बदलेगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विकसित सोहना-तावडू विकास रैली में क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई अहम घोषणाएं कर एक बड़ा रोडमैप पेश किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोहना में हरियाणा राज्य परिवहन का सब डिपो बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में परिवहन सुविधाएं और बेहतर होंगी। इसके साथ ही सोहना और तावडू शहर में बाईपास निर्माण की भी घोषणा की गई, ताकि यातायात का दबाव कम हो और आवागमन सुगम बने।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सोहना-तावडू से सोहना-पलवल को जोड़ने वाली सड़क की डीपीआर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेजी जा चुकी है और इस पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। उन्होंने सोहना विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि देने की भी घोषणा की।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड एक्सप्रेसवे को दमदमा मोड़ से बढ़ाकर निरंकारी कॉलेज तक ले जाने की विस्तृत रिपोर्ट भेजने और स्वीकृति मिलने पर निर्माण कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने सोहना में जमीन उपलब्ध होने पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस बनाने, बाघनकी गांव में प्राइमरी हेल्थ सेंटर, तथा घामड़ौज और खोरी कलां गांव में सब हेल्थ सेंटर बनाने की भी घोषणा की।
सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में मुख्यमंत्री ने तावडू के हसनपुर में एक सामुदायिक केंद्र, जबकि सोहना के सहजावास और रिठौज में 65-65 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक केंद्र बनाने की घोषणा की। खेल सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए उन्होंने तावडू के कौटा खेंडला स्थित खेल स्टेडियम में इनडोर कुश्ती मैदान बनाने का ऐलान भी किया।
परिवहन और व्यापारिक ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने भूमि उपलब्ध होने पर तावडू में नया बस स्टैंड और सोहना में नई अनाज मंडी बनाने की बात कही। सड़कों की स्थिति सुधारने को लेकर उन्होंने बताया कि सोहना विधानसभा क्षेत्र की 41.94 किलोमीटर की 31 सड़कें और पीडब्ल्यूडी की 407 किलोमीटर लंबाई की डीएलपी अवधि की सड़कों की आवश्यकतानुसार मरम्मत कराई जाएगी।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि 35 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से 32.82 किलोमीटर लंबाई की 7 नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा, जबकि 45.98 करोड़ रुपये की राशि से 100 किलोमीटर सड़कों की स्पेशल रिपेयरिंग कराई जाएगी। इसके अलावा, नाबार्ड पीएमजीएसवाई के तहत 15.90 किलोमीटर की 3 सड़कों की 12 करोड़ 10 लाख रुपये से विशेष मरम्मत की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने खेत खलियान योजना के तहत सोहना क्षेत्र के खेतों तक जाने वाले 25 किलोमीटर रास्तों को पक्का करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन सभी परियोजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, आवागमन सुगम होगा और आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा।


