भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल और चंडीगढ़ के उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इस बार उम्र सीमा 22 वर्ष कर दी गई है। जानें योग्यता, तारीखें और चयन प्रक्रिया।
भारतीय सेना में अग्निवीर स्कीम के तहत वर्ष 2027 की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 13 फरवरी 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं। यह भर्ती हरियाणा के छह जिलों—अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला—और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुरुष अभ्यर्थियों के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ की महिला अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की जा रही है।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, पुरुष वर्ग में यह भर्ती अग्निवीर (जनरल ड्यूटी), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक/स्टोर कीपर तकनीकी) और अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं व 8वीं पास) पदों के लिए होगी। वहीं, महिला वर्ग में भर्ती महिला मिलिट्री पुलिस के लिए आयोजित की जाएगी।
इस वर्ष भर्ती प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अग्निवीर में भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है, जिससे अधिक संख्या में युवा इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
भर्ती प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसकी संभावित तिथि 1 जून से 15 जून 2026 के बीच रखी गई है। यदि परीक्षा तिथि में कोई बदलाव होता है, तो इसकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
दूसरे चरण में, ऑनलाइन परीक्षा में मेरिट के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को भर्ती रैली में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा, जहां उनकी शारीरिक दक्षता और दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
सेना में शामिल होने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर है। अग्निवीर योजना के तहत चयनित उम्मीदवारों को न केवल देश सेवा का मौका मिलेगा, बल्कि उन्हें प्रशिक्षण, अनुशासन और भविष्य के लिए बेहतर करियर विकल्प भी प्राप्त होंगे।

