भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) द्वारा जारी स्टेट स्टार्टअप रैंकिंग के पांचवें संस्करण में पंजाब ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए श्रेणी ‘ए’ में ‘सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य’ का सम्मान हासिल किया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री श्री संजीव अरोड़ा ने साझा की। उल्लेखनीय है कि पंजाब को यह प्रतिष्ठित दर्जा लगातार दूसरी बार मिला है, जो राज्य के सुदृढ़ और तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम को दर्शाता है।
मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि DPIIT द्वारा आयोजित स्टेट स्टार्टअप रैंकिंग का मुख्य उद्देश्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप के अनुकूल नीतियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस संस्करण में देश के 36 में से 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने भाग लिया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भारत में स्टार्टअप और इनोवेशन को लेकर प्रतिस्पर्धा और महत्व लगातार बढ़ रहा है।
राज्य स्टार्टअप रैंकिंग फ्रेमवर्क के अंतर्गत राज्यों का मूल्यांकन पांच श्रेणियों—सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता, शीर्ष प्रदर्शनकर्ता, अग्रणी, महत्वाकांक्षी अग्रणी और उभरता हुआ राज्य—में किया गया। यह आकलन 1 जनवरी 2023 से 31 अक्टूबर 2024 की अवधि के दौरान स्टार्टअप इकोसिस्टम के विकास से जुड़े छह प्रमुख सुधार क्षेत्रों में किए गए प्रयासों के आधार पर किया गया।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने बीते वर्षों में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए हैं। निवेशकों के अनुकूल नीतियां, मजबूत संस्थागत सहयोग और सरल प्रक्रियाओं ने राज्य में एक सकारात्मक कारोबारी माहौल तैयार किया है। उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा के मार्गदर्शन में स्टार्टअप को वित्तीय सहायता, मेंटरशिप और बुनियादी ढांचे से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस सफलता में स्टार्टअप पंजाब की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। राज्य की नोडल एजेंसी स्टार्टअप पंजाब, जिसका नेतृत्व आईएएस अधिकारी सुरभि मलिक कर रही हैं, ने DPIIT रैंकिंग में निरंतर बेहतर प्रदर्शन किया है। उद्योग एवं वाणिज्य एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रशासनिक सचिव आईएएस के.के. यादव ने इस उपलब्धि के लिए स्टार्टअप पंजाब की टीम को बधाई देते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
पिछले वर्षों के प्रदर्शन पर नजर डालें तो पंजाब ने निरंतर प्रगति की है—SRF 2018 में उभरता स्टार्टअप इकोसिस्टम, 2019 में महत्वाकांक्षी अग्रणी राज्य, 2020 में लीडर स्टेट, 2022 में शीर्ष प्रदर्शन करने वाला राज्य और अब 2024 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरा है। यह क्रमिक प्रगति राज्य की दीर्घकालिक नीतिगत स्थिरता और स्टार्टअप विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि राज्य सरकार स्टार्टअप पंजाब के माध्यम से 3 लाख रुपये की सीड ग्रांट, ब्याज सब्सिडी और लीज रेंटल रिइम्बर्समेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। मूल्यांकन अवधि के दौरान 200 से अधिक स्टार्टअप्स को वित्तीय सहायता प्रदान की गई, जबकि वर्तमान में पंजाब में 2,000 से अधिक स्टार्टअप DPIIT में पंजीकृत हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर भी पंजाब के प्रयासों को सराहना मिली है। स्टार्टअप इंडिया के निदेशक द्वारा स्टार्टअप पंजाब टीम को प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया है। मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि सरकार, इनक्यूबेटर्स, निवेशकों, शैक्षणिक संस्थानों, मेंटर्स और स्टार्टअप समुदाय के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। पंजाब सरकार ने भविष्य में भी राज्य को भारत के अग्रणी स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने का संकल्प दोहराया है।


