युजवेंद्र चहल ने इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में डर्बीशायर के खिलाफ 6 विकेट लेकर धमाल मचाया। नॉर्थहैम्पटनशायर के लिए उनकी शानदार गेंदबाजी ने मैच में बड़ा बदलाव किया। पढ़ें पूरा मैच अपडेट और चहल की प्रदर्शन से जुड़ी हर जानकारी।
भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इंग्लैंड की काउंटी चैंपियनशिप में अपनी जबरदस्त गेंदबाजी से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। नॉर्थहैम्पटनशायर टीम की ओर से खेलते हुए चहल ने डर्बीशायर के खिलाफ मैच में कुल 6 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। खास बात यह है कि उन्होंने पारी में सबसे ज्यादा 33.2 ओवर डाले और मात्र 3.54 की इकॉनमी रेट से 118 रन खर्च किए।
चहल ने डर्बीशायर की टीम को पहली पारी में 377 रनों पर ऑलआउट कर दिया। उनके द्वारा लिए गए विकेटों में हैरी केम (17 रन) और सलामी बल्लेबाज लुइस रीस (39 रन) के महत्वपूर्ण विकेट शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने बेन एचिसन को बोल्ड कर पारी में पांचवा विकेट भी लिया। अपने छठे और आखिरी विकेट के रूप में चहल ने ब्लेयर टिकनर को पवेलियन भेजा।
इससे पहले नॉर्थहैम्पटनशायर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जिसमें ल्यूक प्रॉक्टर ने 71 और जॉर्ज बार्टलेट ने 60* रन बनाकर टीम का स्कोर मजबूत किया। दूसरे दिन तक नॉर्थहैम्पटनशायर ने 5 विकेट खोकर 265 रन बनाए हैं, जो डर्बीशायर के स्कोर से 112 रन कम है।
चहल की यह शानदार प्रदर्शन उनके लिए खास मायने रखता है क्योंकि वह भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी की उम्मीद जता रहे हैं। उन्होंने अगस्त 2023 में आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था और अब इंग्लैंड में अपनी गेंदबाजी से फॉर्म में लौटने की कोशिश कर रहे हैं।


