Shubman Gill Double Century in England: शुभमन गिल ने इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। जानिए उनके अलावा वो दो भारतीय दिग्गज कौन हैं जिन्होंने इंग्लैंड की पिच पर टेस्ट क्रिकेट में यह उपलब्धि हासिल की।
Shubman Gill Double Century in England: भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल ने इंग्लैंड की धरती पर इतिहास रच दिया है। उन्होंने एजबेस्टन टेस्ट में 269 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर भारत के लिए इंग्लैंड में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा सिर्फ सुनील गावस्कर और राहुल द्रविड़ ने किया था।
इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाना क्यों है खास?
इंग्लैंड की सीमिंग और स्विंगिंग पिचें बल्लेबाजों के लिए हमेशा चुनौती रही हैं। वहां टिककर बल्लेबाजी करना जितना कठिन होता है, उतना ही दोहरा शतक बनाना एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जाती है। अब तक केवल तीन भारतीय बल्लेबाज ही इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में डबल सेंचुरी बना सके हैं।
सुनील गावस्कर – इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय
1979 के ओवल टेस्ट में सुनील गावस्कर ने चौथी पारी में 221 रन बनाकर इतिहास रचा। भारत को 438 रनों का लक्ष्य मिला था। गावस्कर ने चेतन चौहान के साथ 213 रनों की साझेदारी की। उन्होंने 443 गेंदों में 21 चौकों की मदद से 221 रन बनाए। यह टेस्ट मैच भले ही ड्रॉ रहा, लेकिन गावस्कर की यह पारी भारतीय टेस्ट इतिहास की सबसे यादगार पारियों में से एक मानी जाती है।
राहुल द्रविड़ – “द वॉल” ने 2002 में जड़ा दोहरा शतक
2002 के ओवल टेस्ट में राहुल द्रविड़ ने इंग्लैंड के खिलाफ 217 रनों की शानदार पारी खेली। 468 गेंदों में 28 चौकों की मदद से यह स्कोर बनाया। वह लगभग 11 घंटे तक क्रीज पर टिके रहे। सचिन, गांगुली और लक्ष्मण के साथ की साझेदारियों ने भारत की पारी को मजबूत बनाया। यह टेस्ट भी ड्रॉ हुआ लेकिन द्रविड़ की यह क्लासिक पारी इतिहास में दर्ज हो गई।
शुभमन गिल – 2025 में रचा नया इतिहास
2025 की टेस्ट सीरीज़ के दौरान एजबेस्टन टेस्ट में शुभमन गिल ने शानदार 269 रन बनाए। गिल ने अपनी पारी 114* से आगे बढ़ाई और दोहरा शतक पूरा किया। यह इंग्लैंड में किसी भी भारतीय का अब तक का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है। गिल ने मोहम्मद अजहरुद्दीन का 1990 में बनाया गया 179 रन का रिकॉर्ड तोड़ा।
इस पारी में:
387 गेंदों का सामना किया
रविंद्र जडेजा के साथ 203 रनों की साझेदारी
वॉशिंगटन सुंदर के साथ स्कोर को 500 के पार पहुंचाया
यह गिल की पहली टेस्ट डबल सेंचुरी भी बनी
For more news: Sports


